दिल्ली पुलिस ने 79वें स्थापना दिवस पर सुरक्षित शहर परियोजना के तहत कई पहल का ऐलान किया

ret5443ewqsa

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अपने 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर सुरक्षित शहर परियोजना के तहत बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी उन्नयन से जुड़ी कई पहल की घोषणा की है जिसमें निगरानी प्रणालियों का विस्तार और नई सुविधाओं का निर्माण शामिल है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षित शहर परियोजना के तहत कमान एवं नियंत्रण केंद्र को और मजबूत किया जाएगा और राष्ट्रीय राजधानी में कई सीसीटीवी कैमरे पहले ही लगाए जा चुके हैं। यह निगरानी प्रणाली उन्नत सुविधाओं से लैस है, जैसे हाथ के इशारों की पहचान, चेहरे की पहचान और भीड़ ज्यादा होने पर अलर्ट देना, ताकि वास्तविक समय पर निगरानी को और अधिक बेहतर बनाया जा सके।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “आपात स्थितियों और बड़ी घटनाओं के दौरान जमीनी समन्वय को बेहतर बनाने के लिए मोबाइल कमांड वाहनों को भी तैनात किया जाएगा।”

अभियानगत क्षमता बढ़ाने के लिए लोधी कॉलोनी में विशेष प्रकोष्ठ का मुख्यालय बनाया जाएगा। इसके अलावा, तीन नए थाने और छह पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी।

अधिकारियों ने बताया कि रोहिणी में महिला पुलिस कर्मियों के लिए सात मंजिला हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 132 कर्मचारियों के रहने की क्षमता होगी।