लोढ़ा डेवलपर्स ने 294 करोड़ रुपये में पुणे की एसआरपीएल में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

0
drt565

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) रियल एस्टेट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड ने अपनी विस्तार योजना के तहत पुणे स्थित सॉलिडराइज रियल्टी (एसआरपीएल) में 294 करोड़ रुपये में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है।

मुंबई स्थित लोढ़ा डेवलपर्स देश की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है, जो ‘लोढ़ा’ ब्रांड के तहत संपत्तियों की बिक्री करती है।

कंपनी ने शनिवार को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि उसने एसआरपीएल में हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक शेयर खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। लोढ़ा डेवलपर्स, एसआरपीएल में 80 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करेगी, जिसकी कुल लागत 294.07 करोड़ रुपये है।

इस अधिग्रहण के बाद एसआरपीएल, लोढ़ा डेवलपर्स की अनुषंगी कंपनी बन जाएगी।

शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, एसआरपीएल पुणे में रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ी हुई है।

पिछले महीने, लोढ़ा डेवलपर्स ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में अपने एकीकृत शुद्ध लाभ में एक प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की थी, जो बढ़कर 956.9 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 944.4 करोड़ रुपये था।

वित्त वर्ष 2025-26 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 4,775.4 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,146.6 करोड़ रुपये थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *