नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में सुपर ओवर की हार से आहत अफगानिस्तान सोमवार को यहां टी20 विश्व कप के ग्रुप डी के करो या मरो के मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करके सुपर आठ में पहुंचने की अपनी धुंधली उम्मीद बरकरार रखने की कोशिश करेगा।
दोनों टीम अपने पिछले मुकाबलों में विपरीत परिणामों के साथ इस मुकाबले में उतर रही हैं। यूएई ने कनाडा को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की, जबकि अफगानिस्तान को अपने पिछले मैच में दो सुपर ओवर तक खींचे जाने के बावजूद दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा। इसे टी20 के सबसे शानदार मैचों में से एक बताया जा रहा है।
दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड क्रमशः छह और चार अंकों के साथ ग्रुप डी में शीर्ष दो स्थानों पर काबिज हैं, ऐसे में यूएई की क्वालीफाई करने की उम्मीदें जीत और अन्य मैचों में अनुकूल परिणामों के अनुकूल रहने पर टिकी हैं।
दूसरी ओर अफगानिस्तान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेहद करीबी हार के बाद अपना खाता खोलने के लिए बेताब होगा। उसे न केवल अपने बचे हुए मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे, बल्कि प्रतियोगिता में बने रहने के लिए अन्य मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी और जबकि कनाडा के खिलाफ भी उसे जीत हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा था। कनाडा के खिलाफ यूएई के शीर्ष और मध्य क्रम के बल्लेबाज विशेष रूप से संघर्ष करते दिखे। लेकिन सलामी बल्लेबाज आर्यंश शर्मा (53 गेंदों में 74 रन) ने पारी को संभाला। इसके बाद शोएब खान की 29 गेंदों में 51 रन की पारी ने टीम को शानदार वापसी दिलाने में मदद की।
हालांकि यूएई की बल्लेबाजों को अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी की मजबूत स्पिन तिकड़ी के सामने कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
कनाडा पर जीत के बाद यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम ने कहा था, ‘‘मुझे लगता है कि हमें सातवें से 15वें और 16वें ओवर तक बीच के ओवरों में अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा। हमें इस पर ध्यान देना होगा। इसलिए आगामी मैचों में हम इस पर काम करेंगे और खेल का यही वह हिस्सा है जिस पर हमें काम करना होगा।’’
यूएई की गेंदबाजी इकाई ने कनाडा के खिलाफ लय हासिल कर ली, जिसमें तेज गेंदबाज जुनैद सिद्दीकी ने पांच विकेट लिए, लेकिन रहमानुल्लाह गुरबाज, गुलबदीन नायब और अजमतुल्लाह उमरजाई जैसे बल्लेबाजों को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत पड़ेगी।
गुरबाज ने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 गेंदों में 84 रन बनाकर अफगानिस्तान क स्कोर 187 रन तक पहुंचाया। इसके बाद दूसरे सुपर ओवर में उन्होंने लगातार तीन छक्के लगाए, लेकिन अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। उमरज़ई ने भी तीन विकेट लिए, जबकि राशिद ने दो विकेट हासिल किए।
टीम इस प्रकार हैं:
यूएई: मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, आर्यांश शर्मा, ध्रुव पराशर, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मयंक कुमार, मुहम्मद अरफान, मुहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह, हैदर शाह, रोहिद खान, सोहैब खान, सिमरनजीत सिंह।
अफगानिस्तान: राशिद खान (कप्तान), इब्राहिम जादरान (उपकप्तान), दरविश रसूली, मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, शाहिदुल्लाह, अब्दुल्ला अहमदजई, फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, जियाउर रहमान।
मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा।
