श्रीनगर, 14 फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में 2019 में आज ही के दिन हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले 40 सीआरपीएफ जवानों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने पुष्पांजलि अर्पित की।
पुलवामा आतंकी हमले की सातवीं बरसी पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में हमले के स्थल लेथपोरा का दौरा किया।
भाजपा के जम्मू-कश्मीर प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने बताया कि पार्टी नेताओं ने 14 फरवरी, 2019 को हुए आत्मघाती हमले में जान गंवाने वाले 40 सीआरपीएफ जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने हालांकि कश्मीर स्थित राजनीतिक दलों की शहीदों को श्रद्धांजलि न देने के लिए आलोचना की।
ठाकुर ने कहा, “अगर कोई आतंकवादी मारा जाता है, तो ये क्षेत्रीय पार्टियां शोक मनाने के लिए उसके घर जाती हैं लेकिन आज हमारे सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए उनमें से कोई भी यहां नहीं आया।”
एक आत्मघाती हमलावर ने 14 फरवरी 2019 को विस्फोटकों से लदे वाहन से सीआरपीएफ जवानों की बस को टक्कर मार दी थी जिसमें 40 जवानों की जान चली गयी थी।