गुवाहाटी, 14 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के असम के एक दिवसीय दौरे के दौरान उनके स्वागत में शनिवार को गुवाहाटी में सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये गए, जिसमें कलाकारों ने असम के विविध समुदायों, जनजातियों और पारंपरिक कला के रूपों को प्रदर्शन किया।
राज्य में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
कलाकारों ने कामाख्या गेट क्षेत्र से लेकर कुमार भास्करवर्मा सेतु तक सड़कों के किनारे पंक्तिबद्ध होकर स्वागत किया, जब प्रधानमंत्री मोदी कई परियोजनाओं के उद्घाटन के लिए लचित घाट की ओर बढ़े। इन परियोजनाओं में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने नए पुल का उद्घाटन भी शामिल है।
प्रधानमंत्री के काफिले के धीरे-धीरे गुजरने के दौरान मार्ग के बाईं ओर विशेष रूप से निर्मित मंचों पर कार्यक्रम पेश किये गए और मोदी ने अपनी कार के अंदर से नर्तकों और अन्य कलाकारों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई के प्रवक्ता ध्रुव ज्योति मारल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए हमारे राज्य की विविध सांस्कृतिक झलकियों को पेश किया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपनी विभिन्न जातीय और मूल जनजातियों तथा समुदायों के नृत्य, गीत और वाद्ययंत्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुति देने का प्रयास किया।’’
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री चाबुवा पहुंचे और मोरान में पूर्वोत्तर की पहली आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) का उद्घाटन किया।
गुवाहाटी में मोदी ने कई परियोजनाओं की शुरुआत की और वह नयी दिल्ली लौटने से पहले बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।