नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) केंद्र सरकार ने नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के तहत नोएडा सेक्टर 142 से बॉटनिकल गार्डन तक 11.56 किलोमीटर लंबे विस्तारित कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है, जिसमें आठ एलिवेटेड स्टेशन होंगे।
यह निर्णय शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।
सरकार द्वारा शनिवार को जारी बयान के अनुसार, कॉरिडोर के चालू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहरों में 61.62 किलोमीटर का सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क होगा।
इसमें कहा गया है कि नोएडा सेक्टर 142 से बॉटनिकल गार्डन (नोएडा) तक का विस्तारित गलियारा शहर के बुनियादी ढांचे में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतिनिधित्व करता है और यह नोएडा मेट्रो रेल नेटवर्क का एक बड़ा विस्तार है।
बयान में कहा गया है कि इस कॉरिडोर के माध्यम से लगभग 11.56 किलोमीटर लंबी पटरियां बिछाई जाएंगी और शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा।
यह परियोजना बॉटनिकल गार्डन, ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन पर इंटरचेंज सहित उच्च मांग वाले कॉरिडोर के साथ सीधा संपर्क भी प्रदान करेगी।