गुवाहाटी, 14 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विमान सी-130जे शनिवार को असम के डिब्रूगढ़ जिले में स्थित पूर्वोत्तर के पहले आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) पर ऐतिहासिक रूप से उतरा।
प्रधानमंत्री मोदी ने चाबुवा हवाई क्षेत्र से उड़ान भरी और वह मोरान के ईएलएफ (इलेक्ट्रॉनिक लैंडलाइन) पर उतरे।
अधिकारियों ने बताया कि 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ईएलएफ मोरान बाईपास पर 4.2 किलोमीटर लंबी पट्टी है और जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया। यह भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों और परिवहन विमानों के लिए एक रणनीतिक और बहुउद्देशीय हवाई पट्टी के रूप में कार्य करेगा और रक्षा, रसद और आपदा राहत प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि इसे असैन्य और सैन्य दोनों उपयोगों के लिए बनाया गया है और यह आपात स्थिति में डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे के विकल्प के रूप में कार्य करेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और वायु सेना प्रमुख ए पी सिंह भी उपस्थित थे।