सभी लोग ताडोबा बाघ अभयारण्य के पास खनन के विरोध में, अदालत करेगी फैसला : मुनगंटीवार

0
asdfgrt3ewsa

चंद्रपुर, 13 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के वरिष्ठ भाजपा नेता और बल्लारपुर से विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने कहा है कि ताडोबा-अंधारी बाघ अभयारण्य के बफर जोन के पास प्रस्तावित खनन परियोजना का सभी लोग विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा कि बंबई उच्च न्यायालय ने इस मामले का संज्ञान लिया है और आवश्यक दिशा-निर्देश देगा।

राज्य वन्यजीव बोर्ड ने अभयारण्य में बाघ गलियारे के पास ब्रह्मपुरी डिवीजन में ‘लोहर डोंगरी’ लौह अयस्क परियोजना को न्यूनतम पर्यावरणीय नुकसान की शर्त के साथ मंजूरी दी है।

खनन से जुड़े सवाल पर भाजपा नेता ने कहा, “ सभी लोग ‘लोहर डोंगरी’ परियोजना के विरोधी हैं। यह प्रस्ताव केंद्र को नहीं भेजा जाएगा क्योंकि उच्च न्यायालय ने इस पर संज्ञान लिया है। मुझे लगता है उच्च न्यायालय तय करेगा कि परियोजना आगे बढ़ेगी या नहीं।”

चंद्रपुर में महापौर पद के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी थी। उन्होंने कहा, “मैंने भाजपा की निष्ठावान कार्यकर्ता सगीता खांडेकर का नाम सुझाया, और हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इसे स्वीकार कर लिया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *