कनाडा और यूएई की निगाह पहली जीत पर

0
b383721398ae01dbf7ff3b8dd29d7109

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) अपने शुरुआती मैच में करारी हार झेलने वाले कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शुक्रवार को यहां जब टी20 विश्व कप के ग्रुप डी के मुकाबले में आमने-सामने होंगे तो उनका लक्ष्य टूर्नामेंट में पहली जीत हासिल करना होगा।

तीन शीर्ष 10 टीमों न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के साथ ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ में शामिल होने के कारण यूएई और कनाडा दोनों को सुपर आठ चरण में जगह बनाने के लिए कड़ी और असंभव चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

दोनों टीमों के अभियान की शुरुआत निराशाजनक रही। जहां कनाडा को दक्षिण अफ्रीका से 57 रन से हार का सामना करना पड़ा, वहीं यूएई को न्यूजीलैंड ने 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।

पिछले चार महीनों में कनाडा को बड़े मैचों में खेलने का अनुभव नहीं मिला जिसका असर उसके पहले मैच में साफ दिखाई दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसका प्रदर्शन उतार चढ़ाव वाला रहा। उसके खिलाड़ियों ने कुछ शानदार कैच लिए लेकिन साथ ही आसान मौके भी गंवाए।

कनाडा के लिए हालांकि कुछ सकारात्मक पहलू भी थे। उन्होंने 214 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दृढ़ संकल्प दिखाया और शुरुआती विकेट गिरने के बाद अपनी पारी को संभाला।

बाएं हाथ के स्पिनर अंश पटेल ने अपनी विविधतापूर्ण गेंदबाजी से प्रभावित किया और एडन मार्क्रम सहित कुछ प्रमुख बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि नवनीत धालीवाल का अर्धशतक और मध्यक्रम के बल्लेबाज हर्ष ठाकर की फॉर्म उत्साहजनक रहा।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के बाद ठाकर ने कहा था, ‘‘बहुत कुछ सीखने को मिला, बहुत सी सकारात्मक बातें हैं। नवनीत की पारी और चार विकेट गिरने के बाद जिस तरह से हमने पारी को संभाला, वह सराहनीय है। गेंदबाजी में भी मुझे नहीं लगता कि शुरुआत में हमारा प्रदर्शन इतना खराब था, लेकिन हम बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे।’’

यूएई की टीम में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है और उसने पिछले कुछ वर्षों में शीर्ष टीमों को कड़ी टक्कर दी है। वे विश्व कप में अपने अभियान को पटरी पर लाने के लिए कप्तान मुहम्मद वसीम और अलीशान शरफू पर भरोसा करेंगे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ गेंदबाजी में यूएई का प्रदर्शन फीका रहा। बाएं हाथ के स्पिनर हैदर अली पर अपनी सटीक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान करने की जिम्मेदारी होगी, वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज जुनैद सिद्दीकी अपने यॉर्कर से प्रभावी साबित हो सकते हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद वसीम ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमें यह पता करना होगा कि हमें कैसे गेंदबाजी करनी है, किस लाइन ओर किस लेंथ पर गेंदबाजी करनी है। हमें बल्लेबाज को ध्यान में रखकर गेंदबाजी करनी होगी। मुझे लगता है कि हम अगले मैचों में इस पर ध्यान देंगे।’’

यूएई को 2019 में कनाडा के खिलाफ हुए टी20 विश्व कप क्वालीफायर मुकाबले से भी आत्मविश्वास मिलेगा, जब उसने उत्तरी अमेरिकी टीम को 14 रन से हराया था।

टीम इस प्रकार हैं:

कनाडा: दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), अजयवीर हुंदल, अंश पटेल, दिलन हेइलिगर, हर्ष ठाकेर, जसकरनदीप सिंह, कलीम सना, कंवरपाल ताथगुर, नवनीत धालीवाल, निकोलस किरटन, रविंदरपाल सिंह, साद बिन जफर, शिवम शर्मा, श्रेयस मोव्वा, युवराज समरा।

यूएई: मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, आर्यांश शर्मा, ध्रुव पराशर, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मयंक कुमार, मुहम्मद अरफान, मुहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह, हैदर शाह, रोहिद खान, सोहैब खान, सिमरनजीत सिंह।

मैच दोपहर तीन बजे शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *