वीबी-जी राम जी योजना का उद्देश्य रोजगार सृजन और ग्रामीण क्षेत्र का विकास : चौहान

0
Untitled-1-95-768x427

अगरतला, 11 फरवरी (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि वीबी-जी राम जी योजना का उद्देश्य रोजगार सृजन करना और साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देना है।

चौहान ने विपक्षी कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर वीबी-जी राम जी योजना के खिलाफ ‘नकारात्मक अभियान’ चलाने का आरोप भी लगाया।

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना भारत को एक विकसित देश बनाने की रूपरेखा है।

उन्होंने कहा, ‘‘वीबी-जी राम जी का उद्देश्य रोजगार सृजन और ग्रामीण क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देना है, लेकिन विपक्षी दलों कांग्रेस और माकपा ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गुमराह करने के लिए इसके खिलाफ नकारात्मक अभियान चला रहे हैं।’’

चौहान ने कहा कि मोदी सरकार ने हाल में लोकसभा में पेश किए गए बजट में वीबी-जी राम जी के लिए रिकॉर्ड धनराशि आवंटित की है।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय बजट में वित्त मंत्री ने ग्राम पंचायत योजना के कार्यान्वयन के लिए 95,600 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए हैं। राज्यों के योगदान को भी जोड़ दें तो कुल व्यय 1,51,282 करोड़ रुपये होगा और वित्त आयोग ग्राम पंचायतों को सीधे 55,000 रुपये की धनराशि प्रदान करेगा।’’

चौहान ने कहा, ‘‘आगामी वित्तीय वर्ष में ग्रामीण विकास पर कुल मिलाकर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। इसका मतलब है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को विकास और प्रगति के लिए प्रतिवर्ष 1.5 करोड़ रुपये से 1.75 करोड़ रुपये मिलेंगे।’’

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि अगले पांच वर्षों में ग्रामीण विकास पर 10 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और कहा कि यदि इस आवंटन का सही उपयोग किया जाता है तो गांवों में विकास की क्रांति आएगी।

चौहान ने त्रिपुरा की पूर्व वामपंथी सरकार पर ग्रामीण क्षेत्रों को ‘नष्ट’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं क्योंकि वे भी इस कहावत में विश्वास करते हैं कि ”असली भारत गांवों में बसता है”।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *