हमारे पास खोने के लिये कुछ नहीं , दबाव भारत पर है : नामीबिया के हरफनमौला इटोन

0
sdfr43ewqsa

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) नामीबिया के हरफनमौला जान निकोल लोफ्टी इटोन का मानना है कि गत चैम्पियन भारत पर अपनी धरती पर खेलने का दबाव होगा और बृहस्पतिवार को टी20 विश्व कप के इस मैच में उनकी टीम के पास खोने के लिये कुछ नहीं है ।

नामीबिया को पहले मैच में नीदरलैंड ने यहां सात विकेट से हराया था जबकि भारत ने मुंबई में अमेरिका को मात दी ।

लोफ्टी इटोन ने मैच से पहले कहा ,‘‘ भारत में खेलना बहुत बड़ी बात है और दबाव भारत पर रहेगा । लेकिन घरेलू दर्शकों के सामने अपने मैदान पर खेलने का फायदा भी मिलेगा । हमारे पास खोने के लिये कुछ नहीं है । हम अपनी प्रतिभा और क्षमता दिखाने के लिये खेलेंगे ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ हमें अपने कौशल पर भरोसा रखना होगा । हमने होमवर्क कर लिया है और बस खुद पर भरोसा रखकर कल खेलना है । टी20 मजेदार प्रारूप है और इसमें कुछ भी हो सकता है ।’’

नामीबिया के लिये 51 वनडे और 52 टी20 खेल चुके 24 वर्ष के बल्लेबाज हरफनमौला ने कहा कि उनके देश में क्रिकेट तेजी से बढ रहा है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं । हमने हमारे नये स्टेडियम पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला जिसे देखने 5000 लोग आये और यह पहली बार हुआ ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ यह सही दिशा में जा रहा है और हमें इस लय को आगे कायम रखना है । हमें बड़े लक्ष्य और ऊंचे मानदंड बनाने हैं । दक्षिण अफ्रीका पर मिली जीत ने सभी का ध्यान खींचा लेकिन पिछले कुछ साल से हम लगातार अच्छा खेल रहे हैं और नियमित रूप से विश्व कप खेल रहे हैं ।’’

अक्टूबर 2025 में नामीबिया ने दक्षिण अफ्रीका को विंडहोक में टी20 मैच में चार विकेट से हराया था ।

इटोन ने कहा ,‘‘ हमें हर रोज अपने प्रदर्शन में सुधार करना है और टेस्ट क्रिकेट खेलना हमारा सपना है ।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *