कार्तिक आर्यन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘नागजिला’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन व्दारा निर्मित कार्तिक आर्यन की इस फिल्म ‘नागजिला’ को मृगदीप सिंह लांबा डायरेक्ट कर रहे हैं।
फिल्म में कार्तिक आर्यन पहली बार एक इच्छाधारी नाग के किरदार में नजर आने वाले हैं। हाल ही में इस फिल्म में विलेन के किरदार के लिए मेकर्स ने भोजपुरी और हिंदी फिल्मों के एक्टर रवि किशन के नाम का एलान किया है।
निश्चित तौर पर कहा जा सकता है कि इस फिल्म में कार्तिक आर्यन और रवि किशन की ऑन‑स्क्रीन टक्कर दर्शकों के लिए एक नया रोमांच लेकर आने वाली है। कहा जा रहा है कि कार्तिक आर्यन की तरह रवि किशन का किरदार भी फिल्म के लिए बेहद खास होने वाला है। मेकर्स का दावा है कि रवि किशन इस किरदार के लिए एक दम सही चोइस साबित होने वाले हैं।
17 जुलाई 1969 को उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के केराकत तहलीस के छोटे से गांव वराई विसुई में पंडित श्याम नारायण शुक्ला व श्रीमती जड़ावती देवी के घर पैदा हुए रविन्द्र नाथ शुक्ला जिन्हैं आज एक्टर रवि किशन के तौर पर जाना जाता है, सिर्फ भोजपुरी सिनेमा के ही नहीं बल्कि बॉलीवुड से लेकर साउथ तक की सभी भाषाओं में बनने वाली फिल्मों के पॉपुलर एक्टर हैं।
रवि किशन को फिल्म इंडस्ट्री में काम करते हुए तीस साल से अधिक समय हो चुका है। उन्होंने अपने दम पर फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमाया है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से वे भाजपा सांसद भी हैं।
रवि किशन बचपन में गांव में मंचित होने वाली ‘रामलीला’ में माता सीता का रोल निभाते थे। एक्टर बनने की चाह के साथ जब रवि अपनी मा से 500 रुपये लेकर मुंबई आए तब यहां की फिल्म इंडस्ट्री में काम पाने के लिए उन्हैं काफी स्ट्रगल करना पड़ा।
हिंदी फिल्म ‘पिताम्बर’ (1992) के जरिए रवि किशन को पहली बार कैमरा फेस करने का अवसर मिला। उसके बाद उन्हैं हिंदी, तेलुगु, कन्नड़, तमिल, इंग्लिश, मराठी और गुजराती फिल्मों में छोटे छोटे रोल मिलने लगे।
स्ट्रगल के दौरान रवि किशन के जीवन में प्रीति किशन गगर का आगमन हुआ। दोनों ने साल 1993 में शादी कर ली। शादी के बाद दोनों की सामुहिक किस्मत के गठजोड़ ने रवि को अवसर और कामयाबी के रास्ते पर प्रशस्त करने का काम किया।
कई हिंदी फिल्मों का निर्माण कर चुके निर्देशक मोहनजी प्रसाद ने जब भोजपुरी फिल्म निर्माण करने का फैसला किया तो रवि किशन को अपनी पहली फ़िल्म ‘सैयां हमार’ (2003) में बतौर हीरो लांच किया।
इस फ़िल्म ने ना सिर्फ बरसो से शांत पड़ी भोजपुरी फ़िल्म जगत को जिंदा किया बल्कि इसके साथ ही उदय हुआ भोजपुरी के नए सुपर स्टार रवि किशन का । इस के बाद रवि किशन अब तक 200 से अधिक भोजपुरी फिल्मो में काम कर चुके है।
आज रवि किशन की लोकप्रियता ना सिर्फ भोजपुरी और हिंदी भाषी दर्शको के बीच है बल्कि दक्षिण भारत के दर्शको में भी वे उसी तरह लोकप्रिय हैं और यही वजह है कि दुनिया के कोने कोने में उनके लाखो करोड़ो चाहने वाले है।
रवि किशन ‘बिग बॉस’ के पहले सीजन में बतौर कंटेस्टेंट नजर आए थे। वे फाइनल तक पहुंचे थे। ‘बिग बॉस ओटीटी सीजन-3’ के एक एपिसोड में गेस्ट होस्ट बनकर पहुंचे रवि किशन ने जिस अंदाज में कंटेस्टेंट की क्लास लगाई उनका वह अंदाज ऑडियंस की यादों में अब तक रचा बसा है।
रवि किशन ने ‘सिंघम अगेन’ (2024) ‘लापता लेडीज’ (2024) और ‘सन ऑफ सरदार 2’ (2025) जैसी हिंदी फिल्मों के अलावा ‘रंगबाज’ (2018) ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ (2022) और ‘मामला लीगल है’ (2024) जैसी वेब सीरीज में अपने किरदारों के जरिए खुद को एक बेहतरीन एक्टर के रूप में साबित किया है।
रवि किशन की फिल्म ‘भाभी जी घर पर हैं फन ऑन द रन’ 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। जबकि उन्हैं ‘धमाल 4’ के लिए भी कास्ट किया गया है। लेकिन ‘नागजिला’ में कार्तिक आर्यन और उनके बीच होने वाली टक्कर यादगार स्क्रीन मूमेंट साबित होने वाला है।
