बॉलीवुड में डेब्‍यू करने जा रही हैं साई पल्लवी

0
sai_pallavi_sita-sixteen_nine

साई पल्लवी साउथ की उन शानदार एक्‍ट्रेसों में से एक हैं जो अपनी   अनोखी खूबसूरती और दमदार एक्टिंग की बदौलत दर्शकों के दिलों पर राज करती हैं।

वह अपनी नेचुरल ब्‍यूटी और नो-मेकअप लुक के लिए मशहूर हैं। फिल्मों में उनका सादगीभरा अंदाज फैंस को खूब पसंद आता हैं। अपने काम के साथ ही साथ साईं अपने लुक्स को लेकर हमेशा चर्चाओं में बनी रहती हैं।

साईं पल्लवी स्‍क्रीन लाइफ की तरह रियल लाइफ में भी नो मेकअप पॉलिसी के साथ नजर आती हैं। कहा जाता है कि फिल्म ‘प्रेमम’ के डायरेक्टर अल्फ़ोंस पुथरेन ने पहली बार साईं को बिना मेकअप दिखने के लिए प्रोत्साहित किया था। परिणाम पक्ष में आने के बाद साईं ने इसे अपनी पॉलिसी बना लिया।

साईं पल्लवी की खूबसूरती की तरह उनकी डांसिंग स्किल्स भी लाजवाब हैं। उन्‍होंने अपनी डेब्‍यू फिल्‍म ‘प्रेमम’ (2015) के डांस सीक्‍वेंस खुद कोरियाग्राफ किए थे।  

9 मई 1992 को तमिलनाडु के कोयम्बटूर के कोटागिरी गांव में एक बडगा आदिवासी परिवार में पैदा हुई साई पल्लवी  एक्ट्रेस नहीं बल्कि एक डॉक्टर बनना चाहती थीं लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इसी वजह से एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान उन्हें मलयालम फिल्म ‘प्रेमम’ (2015) का ऑफर मिला जो उनकी डेब्‍यू फिल्‍म बनी।  

साई की ये पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबर्दस्‍त हिट साबित हुई । इस फिल्म ने उन्हें रातों रात स्टार बना दिया हालांकि एक्टिंग के साथ ही साथ उन्‍होंने अपना एमबीबीएस भी कंपलीट किया।

‘प्रेमम’ (2015) के बाद साईं पल्लवी अपने करियर में तेलुगु, तमिल और मलयालम सिनेमा में  कई बड़े स्टार के साथ ‘फिदा’ (2017), ‘मिडल क्लास अभय’ (2017), ‘मारी 2’ (2018) ‘अथिरन’ (2019), ‘लव स्‍टोरी’ (2021) ‘श्‍याम सिंह रॉय’ (2021) ‘अमरण’ (2024) और ‘थंडेल’ (2025) जैसी कई बेहतरीन हिट फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।

साल 2026 और साल 2027 में साई पल्लवी बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने की पूरी तैयारी कर ली है।  दरअसल उनकी कई धमाकेदार फिल्में लाइन से रिलीज होने वाली हैं।

साई पल्लवी आमिर खान के बेट जुनैद खान संग सुनील पांडे द्वारा निर्देशित हिंदी रोमांटिक कॉमेडी ‘एक दिन’ में नजर आएंगीं। इस फिल्‍म को साल 2025 में ‘मेरे रहो’ शीर्षक से रिलीज किया जाने वाला था लेकिन फिर इसकी रिलीज को किसी वजह से टाल दिया गया। अब ये फिल्‍म इस साल 1 मई को ‘एक दिन’ टाइटल के साथ सिनेमाघरों में रिलीज होगी।  आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म के जरिए साई पल्लवी बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं।

नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और दंगल फेम निर्देशक नितेश तिवारी  निर्देशित रनबीर कपूर स्टारर दो पार्ट में बन रही  माइथोलॉजिकल एपिक फिल्म ‘रामायण’ में साई पल्लवी ‘सीता’ का किरदार निभा रही हैं।  

फिल्म ‘रामायण’ का पहला पार्ट इस साल दीवाली पर और दूसरा पार्ट साल 2027 की दीवाली पर थिएटर्स में दस्तक देगा।

गौतम तिन्ननुरी द्वारा निर्देशित एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की बायोपिक में साई पल्‍लवी आइकॉनिक सिंगर का किरदार निभाने वाली हैं। ये उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट होने की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *