इटली के खिलाफ नेपाल की निगाह जीत दर्ज करने पर

0
cdfre3wsdwq

मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) अपने पहले मैच में इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देने वाला नेपाल गुरुवार को यहां इटली के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप के मैच में जीत हासिल करने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

इटली की टीम पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है जबकि नेपाल ने 12 साल पहले इस टूर्नामेंट में पदार्पण किया था। उसने 2014 में हांगकांग और अफगानिस्तान को हराया था लेकिन उसके बाद नेपाल एक भी मैच नहीं जीत पाया है।

दिलचस्प बात यह है कि नेपाल तीन मौकों पर टेस्ट खेलने वाले देशों को हराने के बेहद करीब पहुंचा, लेकिन आखिर उसे हार का सामना करना पड़ा था। वह 2024 में दक्षिण अफ्रीका से सिर्फ एक रन से और बांग्लादेश से 21 रन से हार गय था।

लेकिन पिछले रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ वह एक समय लक्ष्य हासिल करने के करीब पहुंच गया था लेकिन आखिर में उसे चार रन से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच के बाद हालांकि नेपाल के क्रिकेटरों को सुर्खियां मिल गई हैं जिन्होंने अपने खेल में काफी सुधार किया है।

नेपाल की टीम ने इस मैच में पूर्व चैंपियन इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दी थी। उसे दर्शकों का भी भरपूर समर्थन मिला था और इटली के खिलाफ भी पूरी संभावना है कि दर्शक उसे पूरा समर्थन देंगे।

कुशल भुर्टेल के रूप में नेपाल के पास शीर्ष क्रम में ऐसा बल्लेबाज है जो आक्रामक शुरुआत दे सकता है, वहीं दीपेंद्र सिंह ऐरी, कप्तान रोहित पौडेल और आरिफ शेख मध्य क्रम को मजबूती प्रदान करते हैं।

लोकेश बाम ने अपने आक्रामक स्ट्रोक प्ले से इंग्लैंड के खिलाफ एक बड़ा उलटफेर करने की संभावना जगा दी थी। उन्होंने जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद जैसे कुशल गेंदबाजों को निशाने पर रखा था।

नेपाल को हालांकि कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है। इंग्लैंड के खिलाफ बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने बीच के ओवरों में पर्याप्त चौके नहीं लगाए। उन्हें विकेटों के बीच दौड़ में भी सुधार करना होगा।

दूसरी ओर इटली टूर्नामेंट के पहले मैच में स्कॉटलैंड से मिली 73 रन की करारी हार को भुलाकर नए सिरे से शुरुआत करना चाहेगा। इस मैच के दौरान इटली के कप्तान वेन मैडसेन के कंधे में भी चोट लग गई थी और पूरी संभावना है कि नेपाल के खिलाफ हैरी मैनेंटी टीम की कप्तानी करेंगे।

इटली ने गेंदबाजी के सात विकल्पों का इस्तेमाल किया, लेकिन वह उस टीम को रोकने में विफल रही जिसकी टूर्नामेंट से पहले की तैयारी आदर्श नहीं थी। बांग्लादेश को बाहर किए जाने के कारण स्कॉटलैंड को अंतिम समय में टूर्नामेंट में जगह मिली थी।

नेपाल के खिलाफ इटली को अगर जीत दर्ज करनी है तो उसके सभी बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा क्योंकि पिछले मैच में उसके छह बल्लेबाज दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाए थे।

टीम इस प्रकार हैं:

नेपाल: रोहित पौडेल (कप्तान), आरिफ शेख, आसिफ शेख (विकेटकीपर), दीपेंद्र सिंह ऐरी, बसीर अहमद, कुशल भुर्टेल, संदीप जोरा, लोकेश बाम, गुलसन झा, करण केसी, सोमपाल कामी, संदीप लामिछाने, शेर मल्ला, ललित राजबंशी, नंदन यादव।

इटली: वेन मैडसेन (कप्तान), मार्कस कैंपोपियानो, जियान-पिएरो मीडे (विकेटकीपर), एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, हैरी मैनेंटी, जे जे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, अली हसन, थॉमस ड्रेका, जसप्रीत सिंह, क्रिशन कलुगामागे, बेन मैनेंटी, ज़ैन अली।

मैच दोपहर 3:00 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *