पंजाब: मोहाली के कई निजी विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले

0
sdcfewwessw

चंडीगढ़, 11 फरवरी (भाषा) पंजाब के मोहाली में 16 निजी विद्यालयों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले जिसके कारण विद्यालयों को खाली कराना पड़ा और पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ जांच की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

स्कूल अधिकारियों ने अभिभावकों को संदेश भेजकर छुट्टी की घोषणा की।

मानव मंगल स्कूल, शिवालिक पब्लिक स्कूल और लर्निंग पाथ्स स्कूल उन विद्यालयों में शामिल हैं जिन्हें ईमेल प्राप्त हुए।

स्कूल आ रहे छात्रों को वापस घर भेज दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों द्वारा अलर्ट जारी करने के बाद पुलिस ने शिक्षण संस्थानों की गहनता से जांच की। उन्होंने बताया कि धमकी भरे ईमेल मिलने वाले लक्षित स्कूल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हंस ने पत्रकारों से कहा, ‘‘16 स्कूल को बम की धमकी वाले ईमेल मिले।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने स्कूल की जांच के लिए फतेहगढ़ साहिब और रूपनगर जिलों से और बम निरोधक दस्ते बुलवाए हैं।’’

हंस ने कहा कि तलाशी अभियान में करीब 300 पुलिसकर्मी शामिल हैं और सभी 16 विद्यालयों को खाली करा लिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि ईमेल के स्रोत की जांच की जा रही है।

मोहाली के विद्यालयों में बम की धमकी की यह घटना चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और हरियाणा में हुई ऐसी ही घटनाओं के ठीक बाद सामने आई है, जहां विद्यालयों को मिली इस तरह की धमकियां अफवाह साबित हुई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *