ओडिशा: मुख्यमंत्री माझी ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 250 एंबुलेंस को जनता को समर्पित किया

0
ambulance-640x375

भुवनेश्वर, 10 फरवरी (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मंगलवार को 250 नयी एंबुलेंस को जनता को समर्पित किया।

एक अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले साल 23 दिसंबर को पहले चरण में 150 एंबुलेंस जनता को समर्पित की थीं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कलिंगा स्टेडियम में 250 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अधिकारी के मुताबिक, राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से इस बेड़े के लिए लगभग 111 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

माझी ने कहा, “इन नयी एंबुलेंस को जनता को समर्पित करने का मकसद समय पर आपात स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना और अस्पतालों तक मरीजों के पहुंचने में लगने वाले वक्त को कम करना है।”

अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा समय में ओडिशा में 866 एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जबकि ‘जननी एक्सप्रेस’ योजना के तहत संचालित 500 एंबुलेंस खास तौर पर गर्भवती महिलाओं और बीमार बच्चों की जरूरतों को पूरा करती हैं।

माझी ने कहा कि सभी ब्लॉक से जिला अस्पतालों तक और जिला अस्पतालों से कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तक निर्बाध एंबुलेंस सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “ ‘विमान योजना’ के तहत राउरकेला और जयपुर जैसे हवाई अड्डों तक भी एंबुलेंस सेवाएं विस्तारित की जाएंगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *