पुणे, 10 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले का विवाह नागपुर के एक उद्योगपति के बेटे सारंग लखानी से तय हुआ है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले के बेटे विजय सुले ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर रेवती और सारंग की एक तस्वीर साझा करते हुए बधाई संदेश पोस्ट किया और लिखा, “रेवती और सारंग को बधाई।’’
कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे की बेटी स्मृति शिंदे ने भी सोशल मीडिया पर इसी तरह का बधाई संदेश और तस्वीर साझा की।
रेवती सुले ने मुंबई के सेंट जेवियर्स कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई की है और इसके बाद लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से लोक प्रशासन में परास्नातक की डिग्री प्राप्त की।
सारंग लखानी वर्तमान में अपने पिता के स्वामित्व वाली कंपनी ‘विश्वराज ग्रुप’ में कार्यकारी निदेशक हैं। वह एक बैडमिंटन खिलाड़ी भी हैं और उन्होंने अमेरिका के कोलंबिया बिजनेस स्कूल से प्रबंधन की पढ़ाई की है।
इस बीच, सुप्रिया सुले के पिता एवं राकांपा (शप) के अध्यक्ष शरद पवार को छाती में संक्रमण की शिकायत के बाद सोमवार को पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।