राउरकेला, 10 फरवरी (भाषा) भारतीय पुरुष हॉकी टीम बुधवार से यहां बेल्जियम और अर्जेंटीना के खिलाफ होने वाले एफआईएच प्रो लीग में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करने के लिए प्रतिबद्ध होगी क्योंकि पिछली बार वह आठवें स्थान पर रही थी।
भारत बुधवार को मजबूत बेल्जियम के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जिसके बाद गुरुवार को उसका अर्जेंटीना से मुकाबला होगा। भारतीय टीम शनिवार को एक बार फिर बेल्जियम का सामना करेगी और रविवार को अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान का समापन करेगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संतुलित मिश्रण वाली भारतीय टीम दुनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली दो टीमों के खिलाफ परिस्थितियों का लाभ उठाने की कोशिश करेगी।
भारत ने प्रो लीग में अभी तक अपना अभियान शुरू नहीं किया है, जबकि अर्जेंटीना और बेल्जियम दोनों ही सत्र की शानदार शुरुआत के बाद राउरकेला पहुंचे हैं।
अर्जेंटीना फिलहाल 11 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसने अब तक चार मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में उसने निर्धारित समय में और एक में शूटआउट में जीत दर्ज की।
बेल्जियम चार मैचों में 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जिसमें उसने निर्धारित समय के अंदर तीन मैच में जीत हासिल की लेकिन शूटआउट तक खिंचे एक अन्य मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
भारत का हाल के वर्षों में बेल्जियम के खिलाफ प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इन दोनों टीमों के बीच 2013 से 35 मैच खेले गए हैं। इनमें बेल्जियम ने 22 मैच और भारत ने 11 मैच जीते हैं जबकि दो मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।
हालांकि अर्जेंटीना के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहतर है। इन दोनों टीमों के बीच 2013 से अब तक खेले गए 19 मैच में से भारत ने 10 में जीत हासिल की है, जबकि अर्जेंटीना ने केवल सात मैच जीते हैं।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, ‘‘अमनदीप लाकड़ा, मनमीत सिंह और रोसन कुजूर जैसे युवा खिलाड़ियों को टीम में मौका मिलते देखकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने हाल ही में हीरो हॉकी इंडिया लीग में असाधारण प्रदर्शन किया। यह उनके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का सही समय है और मुझे विश्वास है कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पूरी टीम फिट, प्रेरित और उत्साहित है। हम इन युवा खिलाड़ियों को खुद को अभिव्यक्त करते हुए और टीम के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं।’’
बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में भारत को दर्शकों का अपार समर्थन मिलेगा और टीम इसका फायदा उठाना चाहेगी।
अर्जेंटीना और भारत के खिलाफ मैचों से पहले बेल्जियम के कप्तान आर्थर वैन डोरेन ने कहा, ‘‘यहां समय बिताने से आपको परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में मदद मिलती है। हमारी टीम यहां पहले पहुंच गई थी और हमने अच्छा अभ्यास किया है। टीम आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरी है और प्रो लीग के राउरकेला चरण के लिए अपनी तैयारियों से बहुत खुश है।’’