नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी पर्पल फाइनेंस ने 55 रुपये प्रति ‘इक्विटी वारंट’ की दर से 1.26 करोड़ ‘इक्विटी वारंट’ जारी कर 69.30 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। हालांकि यह नियामकीय मंजूरी के अधीन होगा।
पर्पल फाइनेंस ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस संबंध में फैसला छह फरवरी को हुई निदेशक मंडल की बैठक में लिया गया।
कंपनी ने कहा कि मौजूदा एवं नए दोनों निवेशकों की निरंतर भागीदारी उसके कारोबारी मॉडल, प्रशासनिक ढांचे और दीर्घकालिक वृद्धि रणनीति में बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। कंपनी विस्तार के समर्थन के लिए अपने पूंजी आधार को और मजबूत कर रही है।
‘इक्विटी वारंट’ एक ऐसा अधिकार है जिसके तहत निवेशक भविष्य में अभी तय कीमत पर कंपनी के शेयर खरीद सकता है। यानी आज 55 रुपये में मिल रहे ‘इक्विटी वारंट’ से निवेशक भविष्य में इसी कीमत पर कंपनी का शेयर ले सकते हैं भले ही तब बाजार में उसका भाव ज्यादा हो।