वन विभाग ने पम्पा में वीडियो रिकॉर्ड करने पर फिल्म निर्देशक अनुराज मनोहर को नोटिस जारी किया

0
asdfr32wqasz

पथनमथिट्टा, आठ फरवरी (भाषा) वन विभाग ने पम्पा में शबरिमला मकरविलक्कू उत्सव की कथित रूप से वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में मलयालम फिल्म निर्देशक अनुराज मनोहर को नोटिस जारी कर तलब किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि विभाग ने सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लिए बिना वन क्षेत्र के अंदर वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में मामला दर्ज किया।

गुडारिकल वन रेंज कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, मनोहर को 11 फरवरी को पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत उन्हें पलापल्ली वन स्टेशन पर रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।

मनोहर पिछले महीने मकरविलक्कू उत्सव के दिन पम्पा वन क्षेत्र में की गई वीडियोग्राफी के मामले में जांच का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने शबरिमला सन्निधानम में वीडियोग्राफी की अनुमति के लिए त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) से संपर्क किया था लेकिन उनका अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया था।

बिना अनुमति के वीडियोग्राफी की सूचना मिलने पर बोर्ड की सतर्कता एवं सुरक्षा शाखा ने प्रारंभिक जांच की और मनोहर से पूछताछ की।

एक अधिकारी ने बताया कि जांच में पाया गया कि निदेशक ने पम्पा में बिना किसी अनुमति के वीडियो रिकॉर्ड किये थे। बोर्ड की टीम द्वारा जांच किये जाने के बाद वन विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मनोहर ने ‘नारिवेटा’ और ‘इश्क’ जैसी कई हिट फिल्मों का निर्देशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *