कुआलालंपुर, आठ फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कुआलालंपुर में मलेशिया के भारतीय मूल के मंत्रियों, सांसदों और सीनेटरों से मुलाकात की तथा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना की।
मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘प्रतिष्ठित मंत्रियों और सीनेटरों सहित भारतीय मूल के नेताओं के साथ शानदार बातचीत हुई। भारत के प्रति उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट रूप से दिखता है।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भारतीय मूल के व्यक्तियों (पीआईओ) की उपलब्धियां ‘‘सभी के लिए अपार गर्व का विषय हैं।’’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मलेशिया के विकास में भारतीय प्रवासियों द्वारा किए गए योगदान और ‘‘दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनकी सक्रिय भूमिका’’ के लिए उनकी सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक क्षेत्र के सभी नेताओं की भागीदारी ने भारत-मलेशिया की मजबूत और स्थायी मित्रता के लिए व्यापक समर्थन को रेखांकित किया।’’
मोदी मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर एवं व्यापार क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।