आज का भारत मजबूती, आत्मविश्वास के साथ व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहा: गोयल

0
scdfrewdsd

नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि आज का भारत मजबूती और इस आत्मविश्वास के साथ व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहा है कि वह भविष्य में 35 हजार अरब डॉलर का बाजार उपलब्ध करा सकता है।

भारत-अमेरिका के बीच शुल्कों पर हुए समझौते के बाद अपने पहले साक्षात्कार में गोयल ने पीटीआई वीडियो से कहा, ”यही हमारी बातचीत की असली ताकत है।”

भारत-अमेरिका के बीच इस समझौते को द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को अंतिम रूप देने की दिशा में पहले कदम के रूप में देखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज भारत मजबूती के साथ बातचीत करता है। उन्होंने आगे कहा, ”मैं यह कहकर शुरुआत करता हूं कि देखिए, आज हम चार हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था हैं, लेकिन 2047 तक जब हम एक विकसित अर्थव्यवस्था होंगे, तब यह 30-35 हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था होगी।”

गोयल ने कहा, ”आज भारत के पास यही आत्मविश्वास है, चार हजार अरब डॉलर से 30-35 हजार अरब डॉलर तक के अवसर का यह अंतर ही वह भविष्य है, जो हम दुनिया को दे रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *