भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता दोनों देशों के व्यवसायों को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएगा: खांडू

0
sxdewqssase32wsa

ईटानगर, सात फरवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को कहा कि भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार रूपरेखा भारतीय व्यवसायों को वैश्विक बाजारों में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएगी।

उन्होंने कहा कि इस रूपरेखा में अनुपालन संबंधी बोझ को कम करने, निर्यात प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने और उपभोक्ताओं के लिए लागत को कम करने की क्षमता है।

उन्होंने इस पहल का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को दिया।

खांडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत-अमेरिका व्यापार रूपरेखा भारतीय व्यवसायों के लिए वैश्विक बाजारों तक पहुंच को आसान, तेज और अधिक प्रतिस्पर्धी बना रही है।’’

निर्यातकों के लिए व्यावहारिक लाभ पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था बार-बार होने वाली परीक्षण और प्रमाणन प्रक्रियाओं को समाप्त करने में मदद करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय निर्यातकों को दोहराव वाली प्रक्रियाओं का सामना कम करना पड़ेगा, जिससे समय, लागत और मेहनत की बचत होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सुचारू व्यापार मार्ग और कम शुल्क बाधाएं भारतीय डिजिटल उत्पादों और प्रौद्योगिकी घटकों को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में अधिक गहराई से एकीकृत करने में मदद करेंगी।’’

खांडू ने कहा कि इस विकास से स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इलेक्ट्रॉनिक्स, एसएएएस एवं ‘फिनटेक’ (वित्तीय प्रौद्योगिकी) क्षेत्रों के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे देश के युवाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाली नौकरियां पैदा होंगी और साथ ही एक विश्वसनीय वैश्विक प्रौद्योगिकी भागीदार और डिजिटल नवाचार केंद्र के रूप में भारत की स्थिति मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *