प्रधानमंत्री का तमिलनाडु दौरा एक मार्च के लिए पुनर्निर्धारित किया गया: नैनार नागेंद्रन

0
sdfr32wesaz

तिरुनेवली (तमिलनाडु), सात फरवरी (भाषा) भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मदुरै दौरे की तारीख 28 फरवरी से पुनर्निर्धारित करके एक मार्च कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि मोदी की यात्रा से पहले कुछ राजनीतिक दल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होंगे।

नागेंद्रन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मदुरै में एक विशाल बैठक की योजना बनाई है जिसमें राजग के सभी नेता प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी के तिरुप्पारनकुंड्रम मुरुगन मंदिर जाने की संभावना है।

प्रधानमंत्री मदुरै हवाई अड्डे के पास मंडेला नगर में रैली को संबोधित करेंगे।

नागेंद्रन ने कहा कि क्षेत्र के लोग इस बात से बेहद दुखी हैं कि अदालत के उनके पक्ष में फैसला सुनाए जाने के बावजूद वे दीपाथून (पत्थर के स्तंभ) पर कार्तिकई दीपम नहीं जला सके।

प्रधानमंत्री ने 23 जनवरी को चेन्नई के पास मदुरंतकम में राजग की पहली रैली की शुरुआत की थी।

अभिनेता से नेता बने विजय पर आयकर विभाग के 1.5 करोड़ रुपये के जुर्माने की पुष्टि मद्रास उच्च न्यायालय द्वारा किए जाने पर कटाक्ष करते हुए नागेंद्रन ने छह फरवरी को चेन्नई में पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्होंने (उनके खिलाफ) सीटी बजाना शुरू कर दिया है। हम अब ढोल बजाएंगे।’’

विजय द्वारा स्थापित तमिलगा वेट्री कषगम का चुनाव चिह्न ‘सीटी’ है। अभिनेता भाजपा और उसकी सहयोगी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के कड़े आलोचक रहे हैं।

उन्होंने कहा था कि आगामी विधानसभा चुनाव में लड़ाई केवल टीवीके और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के बीच है।

इस बीच, नागेंद्रन ने संभावित सहयोगियों से बातचीत करने के लिए वी पी दुरैसामी और जी बालाचंदर सहित दो सदस्यीय समिति का गठन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *