क्रिकेटर रिंकू सिंह का ‘फेसबुक’ अकाउंट हैक, अलीगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की

0
rinku-singh-bhoot

अलीगढ़ (उप्र), छह फरवरी (भाषा) भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह का ‘फेसबुक’ अकाउंट हैक हो गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसमें कोई वित्तीय धोखाधड़ी हुई है या नहीं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज कुमार ने बताया कि रिंकू सिंह ने इस सप्ताह की शुरुआत में उन्हें फोन पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट के हैक होने की सूचना दी थी।

एसएसपी ने बताया कि इसके बाद क्रिकेटर के भाई सोनू सिंह ने बुधवार को अलीगढ़ के साइबर प्रकोष्ठ में लिखित शिकायत दर्ज कराई और इस मामले में कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह अपने व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रम के कारण पिछले कई महीनों से अपने ‘फेसबुक अकाउंट’ पर सक्रिय रूप से नजर नहीं रख रहे थे।

एसएसपी कुमार ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट नहीं है कि ‘फेसबुक अकाउंट’ कब हैक हुआ। साइबर अपराध शाखा ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।’’

पुलिस ने बताया कि ‘हैकिंग’ के स्रोत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ‘हैकिंग’ से किसी तरह का वित्तीय नुकसान तो नहीं हुआ है अथवा खाते का दुरुपयोग तो नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *