जम्मू, पांच फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक बार फिर दोहराया कि उनकी सरकार जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा बहाल कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपराज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा समाप्त करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि अभिभाषण में अनुच्छेद 370 का विशेष रूप से उल्लेख नहीं किया गया, क्योंकि यह प्रावधान अब भी संविधान में मौजूद है, हालांकि इसे ‘खोखला’ कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, “मैं यह दोहराना चाहता हूं कि जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस और यह सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को बहाल कराने के वादे के प्रति प्रतिबद्ध है।’’
उन्होंने कहा, “हम अनुच्छेद 370 का विशेष रूप से उल्लेख किये जाने को जरूरी नहीं मानते क्योंकि इसे संविधान से हटाया नहीं गया है। अगर इसे हटा दिया गया होता, तो मैं कहता कि इसे फिर से सम्मिलित किया जाना चाहिए। यह अब भी मौजूद है। आपने इसे खोखला कर दिया और हमारे संवैधानिक दर्जे को छीन लिया।”