‘भूटान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा सिक्किम

0
cdfewdew3s

गंगटोक, पांच फरवरी (भाषा) क्षेत्रीय व्यापार को मजबूत करने के लिए सहयोग और पारस्परिक ज्ञान आदान-प्रदान की संभावनाओं पर चर्चा करने के उद्देश्य से ‘भूटान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ का एक प्रतिनिधिमंडल सिक्किम पहुंचा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इसके अध्यक्ष टैंडी वांगचुक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को वाणिज्य एवं उद्योग सचिव कर्मा डोमा योत्सो और अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा की।

राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बैठक के दौरान सीमा-पार सहयोग के अवसरों, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने तथा आपसी हित के क्षेत्रों की पहचान पर विचार किया गया जिससे औद्योगिक विकास, प्राथमिक क्षेत्रों में निवेश, एमएसएमई क्षेत्र की वृद्धि एवं बाजार संपर्कों के विकास को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने सतत आर्थिक वृद्धि और क्षेत्रीय एकीकरण को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत जुड़ाव, नीति संवाद और निजी क्षेत्र की भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि यह बातचीत भूटान तथा सिक्किम के बीच आर्थिक संबंधों को और गहरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें दीर्घकालिक पारस्परिक लाभ के लिए क्षेत्रीय एवं सीमा-पार व्यापार, निवेश तथा ज्ञान साझेदारियों को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता दिखाई देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *