‘पीएम सूर्यघर योजना’ के तहत 28 लाख से अधिक परिवारों को 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता

sxde32wsda

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि जनवरी 2026 तक ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत 28 लाख से अधिक परिवारों को फायदा हुआ है, जिसमें केंद्र सरकार की वित्तीय सहायता के तौर पर 16,061.12 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि सरकार नवीकरणीय ऊर्जा, भंडारण और ग्रिड एकीकरण को आगे बढ़ाने के लिए वैश्विक साझेदारियों को भी मजबूत कर रही है।

नाइक ने सदन को बताया कि फरवरी 2024 में योजना शुरू होने के बाद से, देश भर में कुल 22,65,521 रूफटॉप सोलर (आरटीएस) प्रणाली लगाई गई हैं, जिससे 28,24,518 घरों को फायदा हुआ है और 30 जनवरी, 2026 तक केंद्रीय वित्तीय सहायता के तौर पर 16,061.12 करोड़ रुपये बांटे गए हैं।

अनुमान लगाया गया है कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत एक करोड़ घरों में आरटीएस लगाने से 1,000 अरब यूनिट नवीकरणीय बिजली पैदा हो सकती है, जिससे आरटीएस प्रणाली की 25 साल की अवधि में 72 करोड़ टन कार्बन डाईऑक्साइड के बराबर उत्सर्जन में कमी आ सकती है।

नाइक ने कहा कि योजना के विस्तार के लिए सरकार कई कदम उठा रही है, जिसमें राष्ट्रीयकृत बैंकों से रियायती ब्याज दर पर बिना गारंटी के ऋण की उपलब्धता और नियामक मंजूरी प्रक्रिया को आसान बनाना शामिल है।