दक्षिण अफ्रीका ने बहुपक्षीय नौसैन्य अभ्यास के लिए जंगी जहाज भारत रवाना किया

0
er45rfdsa

जोहानिसबर्ग, तीन फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीकी नौसेना का जंगी जहाज ‘एसएएस अमाटोला’ भारत के लिए एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण तैनाती पर रवाना हो गया है, जहां यह भारतीय नौसेना द्वारा आयोजित 2026 ‘अंतरराष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा और अभ्यास मिलन’ में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करेगा।

रविवार को जहाज के रवाना होने के बाद दक्षिण अफ्रीकी नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘‘एसएएस अमाटोला की भारत यात्रा कई स्तरों पर महत्वपूर्ण है।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘यह तैनाती दक्षिण अफ्रीका की समुद्री रणनीति के लिए एक अहम पड़ाव है, जो हिंद महासागर क्षेत्र में बहुपक्षीय नौसैनिक सहयोग में सक्रिय योगदानकर्ता के रूप में दक्षिण अफ्रीकी नौसेना की भूमिका की पुष्टि करती है। यह लंबे समय के बाद दूरस्थ तैनातियों की एक संतुलित वापसी को भी दर्शाती है, जिसे सावधानीपूर्वक योजना, अनुशासित प्राथमिकताओं और पेशेवर संकल्प के साथ अंजाम दिया गया है।’’

दक्षिण अफ्रीकी नौसेना के अनुसार, इस तैनाती में भारतीय नौसेना की अंतरराष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा (आईएफआर) और अभ्यास मिलन में भागीदारी शामिल है। यह एक बड़ा बहुराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास है, जिसका उद्देश्य आपसी समन्वय, समुद्री सुरक्षा अभियानों और भागीदार देशों के बीच रणनीतिक संवाद को मजबूत करना है।

बयान में कहा गया है कि इन आयोजनों में कई देशों की नौसेनाएं भाग लेती हैं और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता और सहयोग की साझा जिम्मेदारियों पर ध्यान केंद्रित किया जाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *