झारखंड में स्कूल बोर्ड परीक्षाएं शुरू

se43ewsaz

रांची, तीन फरवरी (भाषा) झारखंड में कक्षा 10 की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू होगी।

कक्षा 10 की परीक्षाओं के लिए लगभग 4.23 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है, जो 1,232 केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं और 757 केंद्रों पर हो रहीं कक्षा 12 की परीक्षाओं के लिए 3.24 लाख से अधिक छात्र पंजीकृत हैं।

कक्षा 10 की परीक्षा सुबह नौ बजकर 45 मिनट से अपराह्न एक बजे तक होगी जबकि कक्षा 12 की परीक्षा का समय दोपहर दो बजे से शाम पांच बजकर 15 मिनट तक निर्धारित है।

झारखंड अकादमिक परिषद (जेएसी) के सचिव जयंत मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कक्षा 10 की परीक्षाएं व्यावसायिक विषयों के साथ शुरू हुईं और कक्षा 12 की परीक्षा दूसरी पाली में होंगी।’’

उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘निष्पक्ष और स्वतंत्र परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और परीक्षा के दौरान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध है।’’

कक्षा 10 की परीक्षाएं 17 फरवरी को और कक्षा 12 की परीक्षाएं 23 फरवरी को समाप्त होंगी। राज्य में 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव होंगे।

मिश्रा ने कहा, ‘‘हमने तारीखों के टकराव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग से दिशा-निर्देश मांगे हैं। दिशा-निर्देशों के आधार पर हम आगे के फैसले लेंगे।’’