रांची, फोकस न्यूज़, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, रांची में #ViksitBharatBudget 2026–27 के जनहितैषी प्रावधानों को आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुँचाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह ने की।
इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष एवं संगठन के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत बजट 2026–27 के प्रमुख बिंदुओं, उसकी जनकल्याणकारी नीतियों तथा विभिन्न वर्गों को होने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अरुण सिंह ने कहा कि यह बजट देश को विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने वाला है, जिसमें आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, सामाजिक न्याय और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बजट के प्रावधानों को सरल भाषा में जनता तक पहुँचाएं और सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में राज्य भर में जनसंपर्क कार्यक्रम, संवाद सत्र एवं संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बजट के लाभों को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। साथ ही संगठन की मजबूती और आपसी समन्वय को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना रहा।