बजट में घोषित विश्वविद्यालय टाउनशिप में नरेला शिक्षा केंद्र को शामिल कराने की कोशिश करेंगे: गुप्ता

0
drt45redsxz

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार प्रस्तावित नरेला शिक्षा केंद्र को इस वर्ष के केंद्रीय बजट में घोषित पांच नयी विश्वविद्यालय टाउनशिप में शामिल कराने की कोशिश करेगी।

गुप्ता ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बजट ‘‘संतुलित’’ है और इसने देश की महिलाओं तथा युवाओं सहित हर वर्ग एवं श्रेणी को अवसर प्रदान किए हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले बजट में दिल्ली, पुडुचेरी के लिए पूंजीगत हस्तांतरण के वास्ते राज्यों को दी जाने वाली विशेष सहायता 6,275 करोड़ रुपये थी, जो 2026-27 के बजट में बढ़कर 15,380 करोड़ रुपये कर दी गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली बजट प्रावधानों का अधिकतम लाभ उठाने की कोशिश करेगी।

उन्होंने कहा कि 2025-26 में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत 12,483 करोड़ रुपये के मुकाबले इस बार 13,611 करोड़ रुपये का आवंटन होने से दिल्ली को लाभ होगा।

मुख्यमंत्री ने बजट में घोषित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास, स्वच्छ ऊर्जा प्रोत्साहन और दिल्ली में केंद्र सरकार के अस्पतालों के लिए बढ़ाई गई धनराशि शामिल है। उन्होंने कहा कि इससे शहर के लाखों लोगों को सीधे लाभ होगा।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली-वाराणसी उच्च गति रेल गलियारे की घोषणा से राष्ट्रीय राजधानी में परिवहन बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली बजट घोषणा का अधिकतम लाभ उठाने की कोशिश करेगी ताकि परिसरों में ‘कंटेंट क्रिएटर’ प्रयोगशालाएं खोली जा सकें और ‘एनिमेशन’, ‘विजुअल इफेक्ट्स’, ‘गेमिंग’ और ‘कॉमिक्स’ (एवीजीसी) क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों को जोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *