युवा व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर देश-प्रदेश के विकास में योगदान दें: शर्मा

0
r0dp0jg8_cm-bhajanlal-sharma_625x300_01_August_25

जयपुर, एक फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को एक मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं से प्रधानमंत्री नरे‍न्द्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ में सक्रिय रूप से भाग लेने व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

शर्मा ने कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सुबह जल्दी उठकर दौड़ने और व्यायाम से शरीर स्वस्थ व पूरे दिन शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार रहता है।

उन्होंने युवाओं से कहा कि वे व्यायाम को अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाकर देश-प्रदेश के विकास में योगदान दें।

शर्मा ने कहा, “युवा राष्ट्र के भविष्य का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और विभिन्न क्षेत्रों में नए मानदंड स्थापित कर रहे हैं।”

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उन विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं और भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में युवाओं के लिए खेल, रोजगार और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में व्यापक अवसर उपलब्ध कराए हैं।

उन्होंने कहा, “हमारे युवा केवल नौकरी तलाशने वाले ही नहीं रह गए बल्कि नौकरी देने वाले भी बन रहे हैं।”

शर्मा ने कहा कि सरकार युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने रामनिवास बाग से एयू जयपुर मैराथन को रवाना किया और बाद में प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर मेहंदीपुर बालाजी महंत नरेशपुरी महाराज, अभिनेता मिलिंद सोमन और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *