मोदी, शाह ने दीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं

0
sdfrewdwq

गुवाहाटी, एक फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई अन्य नेताओं ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। शर्मा रविवार को अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं।

शर्मा ने गुवाहाटी में कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर दिन की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में असम ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। जनसेवा में उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’

मुख्यमंत्री शर्मा ने प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए उनका आभार जताते हुए कहा, ‘‘ असम के प्रति आपका समर्पण राज्य को उन ऊंचाइयों पर ले गया है, जिनकी कभी कल्पना नहीं की जा सकती थी। हम इस गति को बनाए रखेंगे और पूरी ईमानदारी तथा प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और जनसेवा में निरंतर मजबूती की कामना की।

उन्होंने कहा, ‘‘ असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मोदी जी के विकसित, शांतिपूर्ण और सुरक्षित असम के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में आपके अथक प्रयास सराहनीय हैं।’’

वहीं शर्मा ने शाह को शुभकामनाओं और निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

असम के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने भी शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा, ‘‘आपके सशक्त नेतृत्व में हमारा राज्य विकास और समृद्धि के पथ पर अग्रसर है। मां कामाख्या आपको आने वाले वर्ष में अच्छा स्वास्थ्य, सुख, शांति और अपार ऊर्जा प्रदान करें।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मां कामाख्या आपको अच्छा स्वास्थ्य, दीर्घायु और असम की जनता की सेवा करने की निरंतर शक्ति प्रदान करें।’’

दिन के समय मुख्यमंत्री शर्मा ‘मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान’ (एमएमयूए) योजना के तहत चेक वितरण कार्यक्रम के लिए ग्वालपाड़ा जाएंगे।

इसके बाद वह दरांग जिले में वीर चिलाराई दिवस समारोह में शामिल होंगे और राज्य की राजधानी में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक भवन की आधारशिला रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *