तमिलनाडु में अपराधों पर चिंता जताने वालों को निशाना बनाया जा रहा है: भाजपा

0
sdfr453erwsa

चेन्नई, 31 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) बढ़ते अपराधों से निपटने के लिए कदम उठाने के बजाय उन लोगों को निशाना बना रही है जो इस समस्या पर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।

नागेंद्रन ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने अपराधों पर लगाम लगाने के बजाय उनके खिलाफ उठने वाली आवाजों को ‘‘दबाया’’ है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि तमिलनाडु में जब कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है और हत्या, लूट एवं यौन उत्पीड़न जैसे अपराध दिन-ब-दिन बढ़ रहे हैं, तब मुख्यमंत्री इन अपराधों को रोकने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लिखने वालों को गिरफ्तार करा रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘द्रमुक को जल्द ही सत्ता से बाहर कर दिया जाएगा।’’

उन्होंने बिहार के तीन लोगों के एक परिवार की नृशंस हत्या पर कथित तौर पर पोस्ट साझा करने को लेकर पार्टी पदाधिकारी प्रवीण राज को गिरफ्तार किए जाने की निंदा की।

नागेंद्रन ने कहा कि राज की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने फोन पर उनके परिजनों से बात की और भरोसा दिलाया कि भाजपा उनके साथ खड़ी रहेगी।

शहर की पुलिस ने 30 जनवरी को अड्यार तिहरे हत्याकांड के मामले में बिहार की 21 वर्षीय महिला का शव पेरुंगुडी कचरे के ढेर से बरामद किया था। उसके पति गौरव कुमार (24) और दो साल के बेटे के शव भी बरामद किए गए थे।

गौरव का शव 26 जनवरी को इंदिरा नगर में सड़क पर पड़े खून से सने एक बोरे में मिला था जबकि बच्चे का शव बकिंघम नहर से मिला। यह परिवार यहां तारामणि में रह रहा था।

पुलिस को शक है कि इस हत्या में गौरव के दोस्तों का हाथ है।

इसने बताया कि संदिग्धों सत्येंद्र, ललित यादव और विकास कुमार को तिहरे हत्याकांड के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *