साउथ एक्शन स्टार थलापति विजय ने पिछले साल अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेट्ट्री कजगम’ लॉन्च की थी और अब वे एक्टिंग छोड़कर अपना सारा फोकस राजनीति पर करने जा रहे है।
ऐसे में अपनी आखिरी अभिनीत फिल्म ‘जन नायकन’ के बाद थलापति विजय ने फिल्मी करियर को अलविदा कहने का एलान कर दिया है। खबर आ रही है कि थलपति विजय आगामी तमिलनाडु ऐसेंबली इलेक्शन लड़ने की तैयारी भी कर रहे हैं।
थलापति विजय का कहना है कि ‘यदि लोग अपने कीमती वक्त से थोड़ा वक्त निलकालकर मुझे देखने के लिए सिनेमाघरों में आते हैं तो अब मैं भी उनके हक की लड़ाई लड़ने के लिए खड़े तैयार हूं।’
22 जून 1974 को चेन्नई में जन्में थलापति विजय का असली नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उन्होंने अपने फिल्म डायरेक्टर पिता एसए चंद्रशेखर के कहने पर अपना नाम बदला था। विजय की मां शोभा चंद्रशेखर एक प्लेबैक सिंगर हैं। विजय के पिता क्रिश्चियन जबकि मां हिंदू हैं।
विजय की स्कूलिंग चेन्नई से ही हुई। उसके बाद उन्होंने विजुअल कम्यूनिकेशन में बैचलर की डिग्री हासिल की है। विजय ने श्रीलंकन तमिल लड़की ’संगीता सोरलिंगम से शादी की थी। उन्हें एक बेटा संजय और एक बेटी दिव्या है। दिव्या विजय अभिनीत फिल्म ‘थेरी’ (2016) में एक छोटा सा रोल प्ले कर चुकी हैं।
विजय और संगीता सोरलिंगम को साउथ के लविंग कपल्स में से एक माना जाता था लेकिन पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच अलगाव की खबरें मीडिया की सुर्खियों में छाई हुई हैं।
मूलतः यूके की रहने वाली संगीता सोरलिंगम दरअसल थलपति विजय की फैन थीं। संगीता से विजय की पहली मुलाकात साल 1996 में फिल्म ’पूवे उनक्कागा’ की रिलीज के अवसर पर चैन्नई में हुई थी।
दोनों की यह पहली मुलाकात कब दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई. दोनों में से किसी को कुछ पता ही नहीं चल सका और आखिरकार 25 अगस्त 1999 को विजय और संगीता शादी के बंधन में बंध गए।
अपनी फिल्मों में सामाजिक मुद्दों को दमदार अंदाज में पेश करने के लिए मशहूर एक्टर विजय अपनी शानदार डायलॉग डिलिवरी और डांसिंग स्किल से सबका दिल जीत लेते हैं। वे केवल साउथ में ही नहीं बल्कि पूरे देश में अपनी खास एक्टिंग शैली के चलते छाए हुए हैं।
एच. विनोद व्दारा डायरेक्ट की गई फिल्म ‘जन नायकन’ विजय की 69 वीं फिल्म है। इस फिल्म के लिए उन्होंने 275 करोड़ रुपए की फीस ली है।
इस फिल्म में उनके साथ बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और प्रियामणि जैसे कलाकार भी अहम रोल में नजर आने वाले हैं।
फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह फिल्म पहले इस साल 9 जनवरी को भारत सहित 22 देशों में चार भाषाओं में रिलीज होने वाली थी लेकिन फिल्म पर उठे कुछ विवादों के चलते सीबीएफसी ने इसकी रिलीज हेतु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया । ऐसे में मेकर्स को मजबूरन फिल्म की रिलीज पोस्टपोन करनी पड़ी।
इस बीच प्रोडक्शन टीम की और फिल्म के लिए सेंसर सर्टिफिकेट जारी करने में हो रही देरी के संबंध में मद्रास हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की है। मद्रास हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए थलपति विजय की ‘जना नायकन’ को राहत देते हुए फौरन फिल्म को ‘यूए’ सर्टिफिकेट के साथ रिलीज को मंजूरी दे दी ।
लेकिन अब मद्रास हाईकोर्ट के इस फैसले को सीबीएफसी व्दारा सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। इस चुनौती के पीछे मुख्य दलील ये है कि फिल्म को रिलीज करने से पहले सभी प्रॉसेस का पालन करना जरूरी है और किसी भी तरह के सर्टिफिकेट जारी करने या रोकने के फैसले पर रिव्यू की संभावना बनी रहनी चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल मामले की सुनवाई के लिए तारीख तय नहीं की है लेकिन इस कदम ने फिल्म के रिलीज को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है। इस तरह थलापति विजय के करियर की तथाकथित इस फिल्म की रिलीज में व्यवधान आ चुका है। इस कारण विजय के फैंस काफी अधिक आक्रोशित हैं।
