नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा)राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना को हृदय विदारक आपदा बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किये एक पोस्ट में कहा कि वह इस दुखद विमान दुर्घटना के बारे में जानकर बहुत व्यथित हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह हृदय विदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।’’
लंदन के गैटविक जा रही एअर इंडिया की उड़ान (एआई171) अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपराह्न करीब 1:40 बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे और हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।