रेशम-सी मुलायम व गुलाबजल जैसी दमकती त्वचा की चाह हर स्त्री को होती है लेकिन वंशानुगत गुण, उचित देखभाल का अभाव, दुर्बलता, प्रदूषित वातावरण, हारमोंस की गड़बड़ी , मानसिक तनाव वगैरह से रंग बदरंग और कांतिहीन होने लगता है। कई बार इसमें झाइयां व झुर्रियां पड़ने लगती हैं जिससे परेशान होकर किशोरियां व युवतियां कीमती बाजारू क्रीम व लोशन आजमाने हेतु लालायित हो उठती हैं। निम्न मध्यमवर्गीय परिवार की लड़कियां तो ऐसे हालात में मन मसोस कर रह जाती हैं जबकि घरेलू उपायों द्वारा भी विकारयुक्त चेहरे की त्वचा को नया निखार दिया जा सकता है जिनके नियमित इस्तेमाल से झाईयों, मुंहासों, झुर्रियों व दाग धब्बों से छुटकारा पाया जा सकता है। तुलसी के पत्तों का रस व नींबू का रस बराबर मात्रा में मिलाकर चेहरे पर लगायें। इससे झाइयां व मुंहासे दूर हो जाते हैं। रोज पुदीने की पत्तियां पीसकर उनका रस चेहरे पर लगायें। थोड़ी बाद धो लें। इससे चेहरे की झाइयां धीरे-धीरे मिटने लगेंगी। कच्चे नारियल का पानी व जरा सी मलाई को मिलाकर फेंट लें। इसे रोज दो बार चेहरे पर लगाने से दाग धब्बे दूर होकर त्वचा दमकने लगती है। एक छोटा चम्मच ककड़ी का रस रोज चेहरे पर लगायें। इससे चेहरे की त्वचा निखरती है। रोजाना एक छोटा लाल टमाटर काट लें। इसमें नींबू की कुछ बूंदें मिलाकर चेहरे पर मलें। 10 मिनट बाद चेहरा धो लें। कुछ ही दिन में त्वचा दागरहित हो जायेगी। रूखी त्वचा में झुर्रियां जल्दी पड़ जाती हैं जिससे चेहरा निस्तेज व सांवला लगने लगता है। इससे बचने हेतु रात्रि में मलाई व नींबू का रस लगाकर सो जायें। सुबह गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। समान मात्रा में पुदीने का रस व गुलाबजल का लेप करने से कुछ ही दिन में चेहरे का रंग साफ होने लगता है। जायफल को दूध में पीसकर 15 मिनट तक चेहरे पर लगायें। इससे चेहरे के दाब धब्बे दूर हो जायेंगे। रोजाना पुदीने का रस व आलू का रस मिलाकर लगाने से भी झाइयां दूर हो जाती हैं। संतरे के छिलकों को मलाई में मिलाकर चेहरे पर लगायें। इससे रूखी त्वचा वाला चेहरा, कांतियुक्त हो जाता है। झुर्रियों से छुटकारा पाने हेतु कच्चे आलू को पीसकर उसमें ग्लिसरीन, सिरका व गुलाबजल मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे चेहरे पर लगाएं व सूख जाने पर ताजे पानी से धो लें। शहद में नींबू का रस मिलाकर लगाने से भी झुर्रियों से छुटकारा पाया जा सकता है। एक चम्मच मलाई में तीन-चार रसभरी मसलकर मिला लें। फिर इसे चेहरे पर मलें व लगभग 15 से 20 मिनट बाद धों लें।