आदित्य साहू भाजपा की झारखंड इकाई के नये अध्यक्ष होंगे

0
9bm4pc54_jharkhand-bjp_625x300_10_January_26

रांची, 13 जनवरी (भाषा) राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई का नया अध्यक्ष बनना लगभग तय है, क्योंकि वह मंगलवार को इस पद पर चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।

नेता ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया दोपहर 12 बजे शुरू हुई और दो बजे समाप्त हो गई।

झारखंड के लिए भाजपा के चुनाव अधिकारी और केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल उरांव ने कहा, “हमें प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आदित्य साहू के रूप में केवल एक नामांकन प्राप्त हुआ है। इसके अलावा, राज्य से राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए 21 नामांकन दाखिल किए गए हैं।”

ओराम ने बताया, “नामांकन पत्रों की जांच और वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।”

झारखंड से राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले प्रमुख नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुबर दास, मधु कोड़ा और चंपई सोरेन, सांसद संजय सेठ, करिया मुंडा और दीपक प्रकाश तथा केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी शामिल हैं।

पिछले साल तीन अक्टूबर को भाजपा ने साहू को झारखंड इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। वह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में बाबूलाल मरांडी की जगह लेंगे। मरांडी राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *