श्रीनगर, 10 जनवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर जबरदस्त सर्दी की चपेट में है और इस दौरान घाटी के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी और शोपियां में तापमान शून्य के नीचे 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच आसमान साफ रहा और डल झील समेत पानी के दूसरे स्रोत जम गये । एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक रात पहले यह शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस से थोड़ा अधिक था।
यह इस मौसम में शहर का अब तक का सबसे सर्द रात रही। शहर का न्यूनतम तापमान मौसमी औसत से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
कड़ाके की ठंड के कारण डल झील के अंदरूनी हिस्सों समेत कई जलाशयों के कुछ हिस्से जम गये ।
दक्षिण कश्मीर में शोपियां घाटी का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा शून्य से नीचे 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ।
उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा । एक रात पहले यह शून्य से नीचे 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के पर्यटक स्थल सोनमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही और यहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.0 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में शून्य से नीचे 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रहा है, जो 40 दिनों तक चलने वाला अत्यधिक ठंड का समय होता है। इस दौरान रात के तापमान में भारी गिरावट आती है और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है।
‘चिल्ला-ए-कलां’ की शुरुआत 21 दिसंबर को हुई थी और यह 30 जनवरी को समाप्त होगा।
अधिकारियों के अनुसार, घाटी के मैदानी इलाकों में इस मौसम में अब तक बर्फबारी नहीं हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि 21 जनवरी तक मौसम शुष्क लेकिन बादलों से घिरा रहने की संभावना है।