श्रीनगर, पांच जनवरी (भाषा) कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां पारा गिरकर शून्य से करीब नौ डिग्री नीचे पहुंच गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में स्थित लोकप्रिय स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में रविवार को ताजा हिमपात के बाद न्यूनतम तापमान शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि इससे पहले पिछली दो रातों से गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ था।
वहीं, श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आई और यह शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि शनिवार रात यह तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में पारा शून्य से 2.0 डिग्री नीचे, कोकरनाग में शून्य से 1.2 डिग्री नीचे और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
कश्मीर इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रहा है, जो 40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि होती है। इस दौरान रात का तापमान अक्सर जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर जाता है।
इस अवधि के दौरान हिमपात की संभावना सबसे अधिक होती है, हालांकि घाटी के मैदानी इलाकों में इस सीजन में अब तक कोई हिमपात नहीं हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पांच और छह जनवरी को उत्तरी और मध्य कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का अनुमान जताया है।