मुंबई, एक जनवरी (भाषा) मुंबई के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार सुबह तेज बारिश हुई जिससे मुंबई वासियों की नव वर्ष की शुरुआत खुशनुमा मौसम के साथ हुई।
साल की पहली सुबह का, सूरज की किरणों से स्वागत होने के बजाय मुंबई के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली।
बारिश सुबह छह बजे से पहले शुरू हुई, कुछ इलाकों में बारिश तेज रही जबकि कई जगहों पर हल्की फुहारें पड़ीं। सुबह छह बजकर 15 मिनट के बाद इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम हो गई।
अचानक बदले मौसम पर सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने भी प्रतिक्रिया दी। राहुल बिल्वे नामक एक उपयोगकर्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘किसने सोचा था कि 2026 के पहले ही दिन बारिश होगी।’’
एक अन्य उपयोगकर्ता मफी कपाड़िया ने लिखा, ‘‘‘हैशटैग मुंबईरेन्स’ 2026 का स्वागत बेमौसम बारिश के साथ। फिर भी मौसम बेहद सुहावना है।’’
कई स्थानीय निवासियों ने कहा कि बारिश बेमौसम जरूर हुई लेकिन इससे शहर का मौसम खुशनुमा हो गया।