30 दिसंबर : ब्रिटेन की कोयला खदानों में गैस पहचानने वाली चिड़िया की सेवाएं समाप्त करने का ऐलान
Focus News 30 December 2025 0
नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (भाषा) इतिहास में 30 दिसंबर की तारीख कई घटनाओं के साथ दर्ज है। इनमें एक मजेदार घटना भी शामिल है। दरअसल 30 दिसंबर 1986 को ब्रिटिश सरकार ने अपने देश की कोयला खदानों में जहरीली गैस पहचानने के लिए तैनात की गई कनारी चिड़िया को इस काम से हटाने का ऐलान किया और इनकी जगह बिजली से चलने वाले डिटेक्टर लगाए गए।
कोयला खदानों में किसी तरह की दुर्घटना होने पर उनमें बिना रंग और महक की जहरीली गैसें भर जाती हैं, जो इंसानों के लिए खतरनाक होती हैं। ब्रिटेन में इन गैसों का पता लगाने के लिए पीले पंखों वाली कनारी चिड़िया को कोयला खदानों में तैनात किया जाता था और उनके हावभाव से खदान में गैस की मौजूदगी के खतरे का अंदाजा लगाया जाता था।
30 दिसंबर 2024 को, नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित एवं अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति जिमी कार्टर का 100 साल की उम्र में निधन हो गया।
कार्टर भारत की यात्रा करने वाले तीसरे अमेरिकी नेता थे और उनकी यात्रा के दौरान उनके सम्मान में हरियाणा के एक गांव का नाम उनके नाम पर कार्टरपुरी रखा गया था।
सबसे लंबे समय तक जीवित रहे अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति कार्टर ने 1977 से 1981 तक इस पद पर सेवाएं दी थीं। मूंगफली की खेती करने वाले कार्टर ने ‘वाटरगेट’ घोटाले और वियतनाम युद्ध के बाद राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता था। वह 1977 से 1981 तक राष्ट्रपति रहे।
देश दुनिया के इतिहास में 30 दिसंबर की तारीख में दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1803 : भारत में दूसरे मराठा युद्ध के पहले चरण में मराठा प्रमुख दौलत राव सिंधिया और ब्रिटिश सरकार के बीच सुरजी अर्जुनगांव की संधि पर हस्ताक्षर किए गए।
1865 : ब्रिटिश लेखक रूडयार्ड किपलिंग का भारत के बम्बई (अब मुंबई) शहर में जन्म हुआ। उन्हें भारत में ब्रिटिश सेनाओं के बारे में लिखी उनकी कहानियों और कविताओं के लिए याद किया जाता है। लघु कथा लेखक, कवि और उपन्यासकार किपलिंग को 1907 में साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
1906 : ढाका में मुस्लिम नेताओं की तीन दिन की बैठक के बाद ऑल इंडिया मुस्लिम लीग पार्टी के गठन की घोषणा की गई। सर ख़्वाजा सलीमुल्लाह, अमीर अली और सर मियां मुहम्मद शफ़ी को पार्टी के संस्थापकों का दर्जा दिया जाता है।
1922 : सोवियत समाजवादी गणराज्यों के संघ के रूप में सोवियत संघ का गठन किया गया। इसकी राजधानी मास्को थी और 15 गणराज्यों को मिलाकर बनाया गया यह दुनिया का सबसे बड़ा देश था, जिसका 1991 में विघटन हुआ।
1975 : हिन्दी कवि, कथाकार और गजलकार दुष्यंत कुमार का निधन।
1975 : गोल्फ के महानतम खिलाड़ियों में शुमार टाइगर वुड्स का अमेरिका के कैलिफोर्निया में जन्म। उन्होंने पेशेवर और गैर पेशेवर दोनों ही तरह की प्रतियोगिताओं में खुद को इस खेल का निर्विवाद महानायक साबित किया।
1986 : ब्रिटिश सरकार ने अपने यहां कोयला खदानों में जहरीली गैसों की मौजूदगी पहचानने के लिए तैनात 200 से अधिक कनारी चिड़िया को इस काम से हटाने की घोषणा की।
2006 : इराक के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा दी गई।
2019 : सोमालिया की राजधानी मोगादिशू में हुए भयंकर बम विस्फोट में 81 लोगों की मौत।
2020 : मशहूर उड़िया संगीत निर्देशक शांतनु महापात्रा का 84 साल की उम्र में निधन। इसी दिन यमन के अदन हवाई अड्डे पर विस्फोट, 22 लोगों की मौत, 50 घायल।
2022 : कंबोडिया के कसीनो होटल में लगी आग में 26 लोगों की मौत।
2023 : यूक्रेन में हमले के बाद, रूस के बेलग्राद शहर में गोलाबारी में 14 लोगों की मौत।
2024 : नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित एवं अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति जिमी कार्टर का 100 वर्ष की उम्र में निधन ।
