25 दिसंबर : पूरी दुनिया में मनाया जाता है क्रिसमस का त्योहार

0
pm-modi-2-768x540-1-1-1-1-1-1-1-2-1-1-1

नयी दिल्ली, 25 दिसंबर (भाषा) पूरी दुनिया में 25 दिसंबर को क्रिसमस का त्योहार मनाया जाता है और इसके साथ ही नये साल के आने की दस्तक सुनाई देने लगती है।

इतिहास में यह तारीख कई महान विभूतियों के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है।

वर्ष 1924 में आज ही के दिन भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म हुआ था और पड़ोसी देश पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ भी 25 दिसंबर, 1949 को पैदा हुए थे। यह भी अपने आप में दिलचस्प है कि दोनों देशों के इन दोनों नेताओं ने आपसी रिश्तों को बेहतर बनाने के लिए मिलकर प्रयास किए।

इस दिन दुनिया से रुख़सत होने वालों की बात करें, तो मूक फिल्मों के महानतम अभिनेता चार्ली चैपलिन का निधन 25 दिसंबर 1977 को हुआ था।

25 दिसंबर 2019 को, भारतीय भाषा पुरस्कार, संगीत अकादमी सम्मान समेत अनेक भारतीय पुरस्कारों और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजे जा चुके हिंदी के प्रसिद्ध साहित्यकार गंगा प्रसाद विमल का दक्षिण श्रीलंका में एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके प्रसिद्ध कविता संग्रहों में ‘बोधि-वृक्ष’, ‘इतना कुछ’, ‘सन्नाटे से मुठभेड़’, ‘मैं वहाँ हूँ’ और ‘कुछ तो है’ आदि हैं। 2013 में प्रकाशित उनका अंतिम उपन्यास ‘मानुसखोर’ है ।

विमल के कहानी संग्रह ‘कोई शुरुआत’, ‘अतीत में कुछ’, ‘इधर-उधर’, ‘बाहर न भीतर’ और ‘खोई हुई थाती’ का भी हिंदी साहित्य में अपना स्थान है। उन्होंने उपन्यास, नाटक, आलोचना भी लिखीं तो कई रचनाओं का संपादन कार्य भी किया।

देश-दुनिया के इतिहास में 25 दिसंबर की तारीख पर दर्ज विभिन्न घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1771 : मुगल शासक शाह आलम द्वितीय मराठाओं के संरक्षण में दिल्ली के सिंहासन पर बैठे।

1918 : मिस्र के सैन्य अधिकारी और राजनेता अनवर सादात का जन्म। वह 1970 में मिस्र के राष्ट्रपति बने। उनकी 1981 में हत्या कर दी गई थी। उन्होंने इजराइल के साथ शांति प्रक्रिया की शुरूआत की और इसके लिए उन्हें 1978 में नोबेल शांति पुरस्कार से नवाजा गया।

1924 : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जन्म। वह 1996 और फिर 1998 से 2004 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे।

1949 : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का जन्म। वह 1990-93, 1997-98 और 2013-17 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे।

1977 : ब्रिटेन के जगप्रसिद्ध कॉमेडियन और फिल्म निर्देशक चार्ली चैपलिन का निधन। उन्हें मूक फिल्मों का युगपुरुष माना जाता है। उनका निधन स्विट्जरलैंड में हुआ।

1989 : रोमानिया के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलाए चाउसेस्कू और उनकी पत्नी एलेना को राष्ट्र के खिलाफ अपराधों का दोषी पाया गया और गोली से उड़ा दिया गया।

1991 : मिखाइल गोर्बाचेव के सोवियत संघ के राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के साथ ही सोवियत संघ के पतन की शुरुआत हुई।

2019 : हिंदी के प्रसिद्ध साहित्यकार गंगा प्रसाद विमल तथा उनके दो परिजनों का दक्षिण श्रीलंका में एक सड़क दुर्घटना में निधन। 80 वर्षीय विमल परिवार के साथ श्रीलंका की निजी यात्रा पर गये थे। इसी दिन बुर्किना फासो में आतंकवादी हमले में 35 लोगों की मौत हुई।

2020 : प्रख्यात उर्दू शायर और आलोचक शम्सुर्रहमान फारूकी का प्रयागराज स्थित उनके आवास पर 85 साल की उम्र में निधन।

2022 : अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, 24 लोगों की मौत।

2024 : कजाखस्तान में अजरबैजान एयरलाइन्स का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 38 लोगों की मौत। इसी दिन, प्रसिद्ध मलयालम लेखक एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित एम. टी. वासुदेवन नायर का कोझिकोड में 91 वर्ष की उम्र में निधन। ‘एमटी’ के नाम से लोकप्रिय नायर ने सात दशक के करियर में नौ उपन्यास, 19 लघु कथा संग्रह, 54 पटकथाएं लिखीं। उन्होंने छह फिल्मों का निर्देशन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *