रांची, 12 दिसंबर (भाषा) झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शुक्रवार को घोषणा की है कि राज्य में ‘मिलेट मिशन’ को अब ‘‘झारखंड मडुआ क्रांति’’ के नाम से जाना जाएगा।
मंत्री ने रांची में पशुपालन निदेशालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 32,911 मडुआ उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 15.63 करोड़ रुपये भी हस्तांतरित किए।
तिर्की ने कहा, ‘‘राज्य में मडुआ की खेती करने वाले प्रत्येक किसान को 3,000 रुपये प्रति एकड़ का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। आज दूसरी किस्त किसानों के बैंक खातों में जमा कर दी गई है।’’
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा, ‘‘झारखंड मिलेट मिशन अब झारखंड मडुआ क्रांति के नाम से जाना जाएगा।’’
मंत्री ने कहा कि योजना का नाम बदलने का कारण यह है कि झारखंड के अधिकतर किसान ‘‘मिलेट’’ का अर्थ नहीं समझते हैं, वे इस योजना को ‘‘मडुआ’’ के नाम से जानते हैं।
उन्होंने कहा कि जब यह योजना वर्ष 2024-25 में शुरू की गई थी, तब केवल 18,000 किसानों को ही मोटे अनाज की खेती के लिए प्रोत्साहन राशि का लाभ मिला था। पिछले एक वर्ष में लगभग 14,911 किसान इस अभियान का हिस्सा बने हैं।
कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग ने धान की खरीद की तर्ज पर मडुआ की खरीद के लिए गुमला, सिमडेगा और खूंटी जिलों की पहचान की है।