बंगाल चुनाव के कारण वंदे मातरम् पर चर्चा कराई गई: प्रियंका

0
aswqswq

नयी दिल्ली, आठ दिसंबर (भाषा) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा सरकार पर ‘वंदे मातरम्’ को विवादित करने के ‘महापाप’ का आरोप लगाया और दावा किया कि ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने एवं कुछ महीने बाद होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चलते राष्ट्रीय गीत पर सदन में चर्चा कराई गई है।

उन्होंने सदन में वंदे मातरम् पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि राष्ट्रीय गीत पर चर्चा की जरूरत नहीं होनी चाहिए क्योंकि यह देश के कण-कण में बसा है तथा देश की भावना से जुड़ा है।

केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य ने लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह भाषण अच्छा देते हैं, लेकिन तथ्यों में कमजोर हैं।

प्रियंका गांधी का कहना था कि सत्तापक्ष को पंडित जवाहरलाल नेहरू पर बार-बार आरोप लगाने के बजाय इस पर संसद में चर्चा करा लेनी चाहिए ताकि एक ही बार सारी बातें हो जाएं और यह पूरा अध्याय हमेशा के लिए खत्म हो तथा बेरोजगारी, महंगाई और दूसरी चुनौतियों पर चर्चा हो।

उन्होंने सत्तापक्ष के कुछ सदस्यों की टोका-टाकी के बीच कहा, ‘‘आज की यह चर्चा सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए की जा रही है क्योंकि यह सरकार असलियत छिपाना चाहती है। युवा परेशान हैं, पेपर लीक हो रहे हैं, बेरोजगारी है, महंगाई है, इसकी चर्चा हम क्यों नहीं कर रहे? आरक्षण के साथ हो रहे खिलवाड़ पर चर्चा क्यों नहीं कर रहे?’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रदूषण है, लेकिन हम इस सदन में बैठकर छोटी बाते कर रहे हैं। आप अतीत की बात करें, असली समस्याओं की बात नहीं करें, यही छोटी बात है।’’

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘सच्चाई यह है कि इनका शासन दमन का शासन है, इनकी राजनीति दिखावे की राजनीति है, ‘इवेंट मैनेजमेंट’ की राजनीति है। चुनाव से चुनाव तक की राजनीति है, मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति है।’’

उन्होंने सत्तापक्ष से कहा कि वंदे मातरम् उन्हीं उम्मीदों की गुहार है, जिन्हें आपका शासन हर रोज ठुकरा रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘अपने देश की आत्मा के इस महामंत्र को विवादित करके आप महापाप कर रहे हैं। इस पाप में कांग्रेस शामिल नहीं होगी।’’

प्रियंका गांधी ने दावा किया, ‘‘वंदे मातरम् की सालगिरह पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने भाषण में कहा कि 1896 में गुरूदेव रवींद्रनाथ टैगोर जी ने पहली बार ‘वंदे मातरम्’ गीत को ‘एक अधिवेशन’ में गाया। लेकिन प्रधानमंत्री जी यह नहीं बता पाए कि वो कांग्रेस का अधिवेशन था। आखिर मोदी किस बात से कतरा रहे थे?’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर अधिवेशन में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गाया जाता है, लेकिन भाजपा को बताना चाहिए कि उसके अधिवेशन में यह होता है या नहीं।

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘हमारा राष्ट्र गीत उस भावना का प्रतीक है जिसने गुलामी में सोए हुए भारत को जगाया।’’

उनका कहना था, ‘‘हम अपने सदन में राष्ट्र गीत पर चर्चा कर रहे हैं। हम इस पर बहस क्यों कर रहे हैं? यह बहस हम दो वजहों से कर रहे हैं। पहला कारण यह है कि पश्चिम बंगाल चुनाव आ रहा है और प्रधानमंत्री इसमें अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं। दूसरा कारण है कि देश की आजादी की लड़ाई लड़ने वाले और कुर्बानियां देने वालों के खिलाफ नए आरोप लगाए जाएं। सरकार ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।’’

प्रियंका गांधी ने दावा किया कि यह सरकार वर्तमान और भविष्य की ओर नहीं देखना चाहती।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी का आत्मविश्वास घटने लगा है तथा उनकी नीतियां देश को कमजोर कर रही हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘इनके अपने लोग दबी जुबान में कहने लगे हैं कि सारी सत्ता को केंद्रित करने से देश को नुकसान हो रहा है।’’

प्रियंका गांधी ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी जी भाषण अच्छा देते हैं, लेकिन तथ्यों के मामले में कमजोर पड़ जाते हैं। इसमें कला होती है कि कैसे जनता के सामने इसे रखा जाए। मैं नई हूं, जनता की प्रतिनिधि हूं, कलाकार नहीं हूं। इसलिए कुछ तथ्य रखना चाहती हूं।’’

उन्होंने नेहरू की आलोचना करने को लेकर सत्तापक्ष पर पलटवार किया और कहा, ‘‘जितने साल से नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, जवाहरलाल नेहरू जी लगभग उतने साल देश के लिए जेल में रहे हैं। उसके बाद नेहरू जी 17 साल देश के प्रधानमंत्री रहे हैं और देश के लिए काम किया है।’’

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘नेहरू जी ने इसरो नहीं बनाया होता तो मंगलयान नहीं होता, डीआरडीओ नहीं बनाया होता तो तेजस नहीं बनता, आईआईटी-आईआईएम नहीं बनवाए होते तो हम आईटी में आगे नहीं होते, एम्स नहीं बनवाते तो कोरोना का सामना कैसे होता। कई सार्वजनिक उपक्रम नहीं बनाए होते तो विकसित भारत कैसे बनता।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी इस देश के लिए जिए और देश की सेवा करते-करते उन्होंने दम तोड़ा।

उन्होंने भाजपा सदस्यों से कहा, ‘‘कांग्रेस देश के लिए है, भाजपा चुनाव के लिए है। हम इस मिट्टी के लिए आपसे और आपकी विचारधारा से लड़ते रहेंगे। आप हमें रोक नहीं सकते।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *