सात दिसंबर : जापान ने अमेरिकी नौसैन्य अड्डे ‘पर्ल हार्बर’ पर हमला किया

0
newproject-2022-12-07t163658-701-1670411221

नयी दिल्ली, सात दिसंबर (भाषा) साल के आखिरी महीने का सातवां दिन इतिहास में दो बड़ी अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के साथ दर्ज है। जापान के बमवर्षक जहाजों ने 1941 में सात दिसंबर को हवाई में स्थित अमेरिका के नौसैन्य अड्डे पर्ल हार्बर पर अचानक हमला कर दिया था और इस दौरान छह जंगी जहाज, 112 नौकाएं और 164 लड़ाकू विमान नष्ट कर दिए गए। हमले में कुल 2400 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक मारे गए थे।

सात दिसंबर की तारीख में इतिहास की दर्ज दूसरी बड़ी घटना 2001 की है, जब अफगानिस्तान में तालिबान ने कंधार का अपना गढ़ छोड़ दिया और इस तरह 61 दिन की लड़ाई के अंत की शुरुआत हुई। अफगानिस्तान के नए अंतरिम प्रशासन के प्रमुख हामिद करजई और तालिबान नेतृत्व के बीच हुए समझौते के बाद कट्टरपंथियों ने अपना यह महत्वपूर्ण गढ़ छोड़ने का फैसला किया।

देश दुनिया के इतिहास में सात दिसंबर की तारीख में दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1782 : मैसूर के शासक हैदर अली का निधन।

1825 : भाप से चलने वाला पहला जहाज ‘इंटरप्राइज’ कलकत्ता (अब कोलकाता) पहुंचा।

1941 : जापानी सेना ने हवाई में अमेरिकी नौसैन्य अड्डा पर्ल हार्बर पर हमला किया।

1975 : ईस्ट तिमोर के आजादी का ऐलान करने के तत्काल बाद इंडोनेशिया की सेना ने हमला करके उसे अपने कब्जे में ले लिया।

1988 : उत्तर पश्चिम आर्मिनिया में भीषण भूकंप के कारण कई शहर तबाह हो गए।

1995 : संचार उपग्रह इन्सेट 2सी का प्रक्षेपण।

2001: तालिबान ने कई हफ्ते की अमेरिकी बमबारी के बाद अपना गढ़ कंधार छोड़ने का फैसला किया।

2004 : अफगानिस्तान में हामिद करजई ने पहले निर्वाचित राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली।

2023: डेनमार्क की संसद ने देश में किसी भी पवित्र ग्रंथ के अपमान को गैरकानूनी करार देने वाले कानून को पारित किया।

2024: भारत ने मानवीय सहायता के तहत म्यांमा को 2,200 मीट्रिक टन चावल की खेप भेजी।

2024: फुटबॉलर सुनील छेत्री इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के इतिहास में हैट्रिक बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *