पांच दिसंबर : युक्ता मुखी ने जीता मिस वर्ल्ड का खिताब

mukti-1234567_20181263453

नयी दिल्ली, पांच दिसंबर (भाषा) भारत की सुंदरियों ने 1990 के दशक में विश्व की सौंदर्य प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया और 1994 में शुरू हुए इस सिलसिले में 1999 में युक्ता मुखी ने एक और खूबसूरत अध्याय जोड़ दिया।

सात अक्टूबर, 1979 को बेंगलुरु में जन्मी युक्ता ने पांच दिसंबर 1999 को मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया।

पांच दिसंबर 2024 को भारत ने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) में एक ऐतिहासिक सुनवाई के दौरान जलवायु संकट पैदा करने के लिए विकसित देशों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने वैश्विक कार्बन बजट का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया और जलवायु वित्त से जुड़े अपने वादे पूरे नहीं किए और अब वे मांग कर रहे हैं कि विकासशील देश अपने संसाधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाएं।

भारत की ओर से दलील देते हुए विदेश मंत्रालय (एमईए) के संयुक्त सचिव लूथर एम. रंगरेजी ने कहा कि अगर जलवायु को होने वाले नुकसान में योगदान असमान है, तो जिम्मेदारी भी असमान होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन में सबसे कम योगदान देने के बावजूद विकासशील देश इससे सबसे अधिक प्रभावित हैं।

देश-दुनिया के इतिहास में पांच दिसंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1898 : प्रसिद्ध उर्दू शायर जोश मलीहाबादी का जन्म।

1941 : प्रसिद्ध भारतीय महिला चित्रकार अमृता शेरगिल का लाहौर में निधन। उनकी कई कलाकृतियों को विश्वभर में सराहा जाता है।

1946 : भारत में होमगार्ड संगठन की स्थापना हुई।

1969 : निशानेबाजी में दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाली मशहूर निशानेबाज अंजलि भागवत का जन्म।

1971 : भारत ने बांग्लादेश को एक देश के रूप में मान्यता दी।

1998 : रूस भारतीय नौसेना के लिए ‘क्रिवाक श्रेणी’ के बहुउद्देश्यीय युद्धपोत देने पर सहमत।

2001 : अमरीकी सेनाओं ने ओसामा बिन लादेन के अफगानिस्तान स्थित तोरा बोरा पहाड़ी ठिकाने पर कब्जा किया।

2005 : ब्रिटेन ने कानून बनाकर समलैंगिकता को वैध करार दिया।

2013 : दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला का निधन।

2016 : तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता का निधन।

2020 : भारत में कोविड-19 के एक दिन में 36,652 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 96.08 लाख से अधिक हुई। इसी दिन चीन में कोयला खदान में कार्बन मोनोक्साइड का स्तर बढ़ने से 18 मजूदरों की मौत।

2021 : नगालैंड में सुरक्षाबलों की गोलीबारी में 13 नागरिकों की मौत, दंगों में एक जवान भी मारा गया ।

2023 : उत्तर पश्चिमी नाइजीरिया में एक धार्मिक सभा पर सेना द्वारा “गलती से किए गए” ड्रोन हमले में 85 लोगों की मौत।

2024 : भारत ने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) में एक ऐतिहासिक सुनवाई के दौरान जलवायु संकट पैदा करने के लिए विकसित देशों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने वैश्विक कार्बन बजट का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया और जलवायु वित्त से जुड़े अपने वादे पूरे नहीं किए और अब वे मांग कर रहे हैं कि विकासशील देश अपने संसाधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाएं।