‘सिंहस्थ लैंड पूलिंग’ निरस्त कर मोहन यादव ने दिखाया कि वह ‘लोक राज’ को महत्व देते हैं: उमा

0
orig_uma-bharti_1672257813

भोपाल, 18 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने उज्जैन में सिंहस्थ क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण से संबंधित नीति को निरस्त करने के राज्य सरकार के फैसले की मंगलवार को सराहना की और कहा कि यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ‘लोक राज’ को महत्व देते हैं।

मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री राज्य की राजधानी भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची थीं, जहां उन्होंने जमीन अधिग्रहण से संबंधित नीति को निरस्त करने के फैसले पर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘अच्छा है ना, यह फैसला वापस ले लिया। यह तानाशाह की सरकार थोड़े ही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार लोकतंत्र से बनती है और लोकमत से चलती है। मोहन जी ने लोक लाज रखा है। उन्होंने लोकराज की मर्यादा रखी है। इस निर्णय से उन्होंने साबित कर दिया है कि वह लोकराज को कितना महत्व देते हैं।’’

सरकार ने किसानों के भारी विरोध के बाद सोमवार को उज्जैन में सिंहस्थ क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण से संबंधित नीति को निरस्त करने का फैसला किया।

मुख्यमंत्री यादव ने भारतीय किसान संघ, भाजपा, उज्जैन के जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन तथा अन्य प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद ‘सिंहस्थ लैंड पूलिंग’ को निरस्त करने का निर्णय लिया।

किसानों का आरोप था कि सरकार सिंहस्थ क्षेत्र में स्थायी और व्यावसायिक निर्माण के नाम पर ‘लैंड पुलिंग नीति’ लागू कर किसानों की जमीनें छीन रही है।

उज्जैन में हर 12 साल में आयोजित होने वाला सिंहस्थ एक बड़ा हिंदू धार्मिक आयोजन है। उज्जैन में आयोजित कुंभ मेले को सिंहस्थ कहा जाता है और इसमें भारत के सभी हिस्सों तथा विदेशों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

उज्जैन में इस बार सिंहस्थ 2028 में है और इसके मद्देनजर सरकार किसानों की जमीन अधिग्रहित कर स्थाई निर्माण के लिए ‘लैंड पुलिंग’ नीति लेकर आई थी जबकि पूर्व में किसानों से सिंहस्थ के लिए पांच से छह महीनों के लिए जमीन ली जाती थी। तभी से किसान संगठन इसका जोरदार विरोध कर रहे थे।

यादव ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि 2028 में सिंहस्थ अद्भुत होने वाला है और उसके सारे आयोजन के लिए बढ़-चढ़कर के व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *