गंगटोक, 14 नवंबर (भाषा) नाक से खून आने और उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की हालत शुक्रवार सुबह स्थिर रही। अस्पताल द्वारा जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।
बुलेटिन में बताया गया है कि तमांग को बृहस्पतिवार को ‘‘नाक से खून बहने और रक्तचाप बढ़ने’’ के बाद सेंट्रल रेफरल अस्पताल (सीआरएच) लाया गया था।
इसमें बताया गया कि उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की गई और उनकी हालत शीघ्र स्थिर हो गई।
सीआरएच के चिकित्सा अधीक्षक ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री फिलहाल निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।’’
उन्होंने कहा कि इस समय चिंता की कोई बात नहीं है।
बुलेटिन में कहा गया है कि अस्पताल मानक प्रोटोकॉल के अनुसार उनकी स्थिति पर नजर रखेगा और उन्हें जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी।